राज्य समाचार

पानी की समस्या को लेकर आप का प्रदर्शन, रिसाली निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

भिलाई । आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रिसाली नगर निगम क्षेत्र में बढ़ती जल समस्या को लेकर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि हर साल गर्मी में पानी की किल्लत गंभीर रूप ले लेती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने बताया कि वार्ड क्रमांक 13 से 21 और 32 से 34 तक कई मोहल्लों में लगातार पानी की समस्या बनी हुई है। पाइपलाइन ऊंचाई पर होने के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता, जिससे लोगों को मोटर पंप का सहारा लेना पड़ता है और कई घरों में पानी नहीं पहुंच पाता।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

गर्मी में गहराता संकट, हैंडपंप भी सूख रहे

नेताओं ने कहा कि राज्य में करीब चार महीने तक भीषण गर्मी रहती है। इस दौरान भू-जल स्तर नीचे चला जाता है और कई हैंडपंप सूख जाते हैं। ऐसे में लोगों को नगर निगम के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जो अक्सर दोपहर में भेजे जाते हैं।

दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने मांग की कि टैंकरों की आपूर्ति सुबह 8 बजे से पहले या शाम 5 बजे के बाद की जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता है, जो चिंताजनक स्थिति है।

गंदे तालाब और बंद वाटर एटीएम पर नाराजगी

दुर्ग लोकसभा उपाध्यक्ष शिवा रायडु ने कहा कि निगम क्षेत्र के तालाबों की सफाई नहीं होने से लोग उनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। गंदे पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।

पार्टी ने मांग की कि बंद पड़े सभी वाटर एटीएम तुरंत चालू किए जाएं और स्टेशन मरोदा, नेवई तथा मरोदा टैंक जैसे क्षेत्रों में नए वाटर एटीएम लगाए जाएं। साथ ही नल-जल योजना के तहत पानी सप्लाई का समय बढ़ाने की भी मांग की गई।

निगम पर लापरवाही का आरोप

पार्टी नेताओं ने कहा कि वे पहले भी कई बार इस मुद्दे पर ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय वार्डवासी मौजूद रहे, जिन्होंने जल संकट को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

 

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button