राज्य समाचार

राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर लोकसभा सीट के लिए हो रही वोटिंग

कांकेर में 22, राजनांदगाव में 256 व महासमुंद में 154 बूथ नक्सल प्रभावित

कांकेर/ महासमुंद/ राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 3 सीटों राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर लोकसभा सीट के लिए गुरुवार सुबह से वोटिंग जारी है। सुबह 9 बजे तक तीनों सीटों को मिलाकर 10.42 त्न मतदान हुआ है। मतदान केंद्रों में सबसे ज्यादा महिला वोटरों में उत्साह है। सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही कई बूथों पर महिलाएं पहुंची।
कांकेर लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए लगी लाइन की यह फोटो आपको साधारण लग सकती है। लेकिन ये उन लोगों को सबक देती है, जो घर में बैठे तो हैं, लेकिन मतदान करने नहीं जाते। यह फोटो कांकेर के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र दुर्गकोंदल विकासखंड के अंतिम छोर कोदापाखा की है। जहां पर नक्सली दहशत होने के बावजूद महिलाएं, बुजुर्ग और युवा मतदान करने के लिए पहुंचे हैं।
राजनांदगांव के मानपुर मोहला, कांकेर के कांकेर व कोंडगांव और महासमुंद के कुछ नक्सल प्रभावित इलाकों में सुबह 7 बजे से 3 बजे तक मतदान होगा। शेष स्थानों पर 5 जे तक वोटिंग होगी। दूसरे चरण में तीनों लोकसभा में 36 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 49 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे। सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कांकेर में ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित
कांकेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिहावा विधानसभा के रतावा व बिरनासिल्ली बूथों में ईवीएम में तकनीकी खराबी की खबर है। धमतरी के ब्राह्मणपारा मतदान केंद्र क्रमांक 146 में वोटिंग मशीन खराब होने पर इसे बदला गया। 20 मिनट तक वोटिंग बंद रही। यहां लगभग एक हजार मतदाता वोटिंग करते हैं। कांकेर मतदान केंद्र क्रमांक 68 प्राथमिक शाला कंकालीन पारा में ईवीएम मशीन में खराबी आने के कारण 7.40 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका था। एक मशीन के खराब होने के बाद दूसरी मशीन लगाई गई लेकिन वह भी खराब निकली। इसकी सूचना मतदान दल द्वारा उच्च अधिकारियों को दी गई। हालांकि बाद में अन्य मशीन लाने के बाद यहां मतदान शुरू हो सका। कांकेर शहर के संजय नगर वार्ड प्राथमिक शाला केंद्र क्रमांक 50 में ईवीएम मशीन में खराबी आने के कारण भी मतदान करीब पौन घंटे देर से शुरू हुआ। मतदान केंद्र क्रमांक 68 प्राथमिक शाला कंकालीन पारा में तीसरी ईवीएम मशीन लगाई गई, जिसके बाद 49 मिनट की देरी से मतदान शुरू हो पाया। सेल्फी जोन को लेकर भी काफी उत्साह है।
कोई बारात लौटते ही तो कोई शादी की रस्म छोड़ पहुंचा
कांकेर के देवीलाल की बुधवार रात शादी हुई। गुरुवार सुबह जैसे ही बारात दुल्हन को लेकर लौटी, वे सबसे पहले मतदान करने के लिए पहुंचे। यह पूछने पर कि रातभर जागने के बाद थकावट के बावजूद बिना आराम किए वोटिंग को पहुंच गए, उन्होंने कहा कि वोट देना सबसे जरूरी है। देश के लिए सरकार चुनने का हमें जो अधिकार मिला है, उसका प्रयोग करना ही है। वहीं महासमुंद के मतदान केंद्र क्रमांक 193 में शादी की रस्म छोड़कर रवि साहू मतदान करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश के प्रति अपना धर्म निभाने पहुंचे हैं। जितना ज्यादा जरूरी शादी की रस्में हैं, उससे भी जरूरी मतदान करना है। धमतरी में भी बारात से लौटने के बाद दूल्हे अविनाश पटेल ने वोट डाला।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button