राज्य समाचार

चित्रकोट उपचुनाव: आम चुनावों में हारे लच्छूराम पर भाजपा ने जताया भरोसा

Spread the love

रायपुर. भाजपा ने 2018 के आम चुनाव में हार का सामना कर चुके लच्छूराम कश्यप पर दोबारा भरोसा जताया है। संगठन ने उन्हें चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति ने शुक्रवार को केवल लच्छूराम का नाम दिल्ली भेजा था। केंद्रीय नेतृत्व ने रविवार को इसपर मुहर लगाकर सूची जारी कर दी।
शुक्रवार को हुई प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सात नामों पर चर्चा हुई। इसमें पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप, पार्वती कश्यप आदि नाम थे। देर तक चली माथापच्ची के बाद समिति ने लच्छूराम का नाम तय किया। बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, केवल एक नाम दिल्ली भेजा गया है। लच्छूराम ने नामांकन पत्र भी ले लिया था। भाजपा नेताओं का कहना है कि नामांकन सोमवार को होगा। इसमें प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सोमवार को नामांकन की आखिरी तारीख है।
चित्रकोट क्षेत्र में भाजपा के प्रमुख चेहरों में शुमार लच्छूराम को 2018 के आम चुनाव में 44 हजार 846 वोट मिले थे। इसके बावजूद वे कांग्रेस के दीपक बैज से 17 हजार 770 मतों से चुनाव हार गए। 2013 के चुनाव में दीपक बैज ने भाजपा से तत्कालीन विधायक बैदूराम कश्यप को 12 हजार 359 मतों से हराया था।
पिछले परिणामों को देखते हुए इस बार भी भाजपा के लिए मुकाबला आसान नहीं रहने वाला। वहीं कांग्रेस बस्तर संभाग से भाजपा के सफाए की रणनीति लेकर मैदान में उतर रही है। दीपक बैज के सांसद बन जाने के बाद चित्रकोट विधानसभा सीट पर उपचुनाव की नौबत आई है।

Live Cricket Info

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button