राज्य समाचार

दंतेवाड़ा उपचुनाव कांग्रेस और बसपा ने भरे नामांकन

Spread the love

रायपुर बस्तर के दंतेवाड़ा उपचुनाव के शंखनाद के साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस ने एक बार फिर देवती कर्मा को उम्मीदवार बनाया है। देवती कर्मा ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं चुनाव मैदान में बसपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत पोयाम ने भी ताल ठोंक दी है। इस बीच भाजपा प्रत्याशी और दिवंगत विधायक भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी ने कहा कि जहां पति शहीद हुए वहीं से प्रचार की शुरुआत करेंगी।
नामांकन फार्म जमा करने से पहले पति की कर्मभूमि पहुंची देवती कर्मा
दंतेवाड़ा उपचुनाव : नामांकन दाखिल करने से पहले देवती कर्मा पति की समाधि स्थल पहुंची
कांग्रेस उम्मीदवार देवती कर्मा मंगलवार को नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंची। उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम, जिलाध्यक्ष विमल सुराना, शकील रिजवी, अवधेश गौतम मौजूद रहे। नामांकन जमा करने से पहले देवती कर्मा पति की कर्मभूमि फरसपाल गईं और वहां स्व.महेंद्र कर्मा की समाधि पर पूजा अर्चना व माल्यार्पण किया। पूर्व विधायक भीमा मंडावी की नक्सली हमले में हत्या के बाद दंतेवाड़ा सीट खाली हुई थी।
बसपा से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत पोयाम ने पर्चा भरा है।
माना जा रहा है कि दंतेवाड़ा उपचुनाव में सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही है। भाजपा ने जहां पहली बार महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने एक बार फिर देवती कर्मा पर भरोसा जताया है। दोनों ही महिला उम्मीदवार नक्सलियों की बर्बरता का शिकार हैं। हालांकि बसपा पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष और दमदार आदिवासी नेता हेमंत पोयाम को मैदान में उतारा है। जिसके बाद मुकाबला रोचक हो गया है।
हेमंत पोयाम अपने समर्थकों के साथ नामांकन फार्म भरने कलेक्ट्रेट कार्यालय थे। नामांकन में उनके साथ बसपा के प्रदेश प्रभारी दाऊराम रत्नाकर, टीडी सोनवानी, आयतु मण्डवी, शेखर गंजीर, भूषण नादिया, केशव नेताम, जिलाध्यक्ष आशीष रात्रे, उपाध्यक्ष कल्याण सिंह निर्मलकर, अशोक मेश्राम, शहर अध्यक्ष आरपी संभाकर साहब, साहू केकचंद बघेल शामिल हुए। वहीं अब तक पांच प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीदा है।
भाजपा और कांग्रेस दोनों कद्दावर नेता पहुंचेंगे बुधवार को, मुख्यमंत्री करेंगे सभा
नामांकन दाखिल करने के बाद अब बुधवार को कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रत्याशी अपना दूसरा सेट जमा करेंगे। इस फाइनल पर्चा भरने के दौरान ही दोनों दलों के कद्दावर नेताओं का जमावड़ा दंतेवाड़ा में लगेगा। भाजपा की ओर से जहां प्रदेश अध्यक्ष धर्मलाल कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व मंत्री और विधायक बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ अन्य नेता पहुंचेंगे। सीएम वहां आमसभा को भी संबोधित करेंगे।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button