अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 ठिकानों पर छापेमारी; 8 टन स्क्रैप जब्त

उरला और खमतराई क्षेत्र में उत्तर जोन पुलिस का अभियान, 10 कबाड़ियों के यहां मिला बिना वैध दस्तावेज का माल; बीएनएसएस के तहत की गई कार्रवाई
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट की उत्तर जोन पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उरला और खमतराई क्षेत्र में कबाड़ियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस ने कुल 20 कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की, जिसमें 10 कबाड़ियों के यहां से बिना वैध दस्तावेज के रखा गया लगभग 8 टन स्क्रैप जब्त किया गया।
यह कार्रवाई डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देशन में की गई। अभियान के तहत थाना उरला और थाना खमतराई पुलिस की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कबाड़ कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश देकर सघन जांच की।
पुलिस के अनुसार, थाना उरला क्षेत्र में 8 कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की गई, जिनमें से 6 के यहां से कबाड़ जब्त किया गया। वहीं, थाना खमतराई क्षेत्र में 12 कबाड़ियों के ठिकानों की जांच के दौरान 4 कबाड़ियों के यहां से माल बरामद हुआ। इस तरह कुल 10 कबाड़ियों के ठिकानों से लगभग 8 टन स्क्रैप जब्त किया गया।

पुलिस अब कबाड़ संचालकों से स्क्रैप की खरीदी-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज, रजिस्टर और लाइसेंस की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बिना वैध दस्तावेज के कबाड़ रखने या चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ जांच में तथ्य सामने आने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Live Cricket Info


