राज्य समाचार

50 लाख की कथित हेराफेरी पर व्यापारियों का हंगामा, मंत्री ने TI को फोन कर मांगे दो दिन

Spread the love
अंबिकापुर-  अंबिकापुर में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। सोमवार देर शाम व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि व्यापारी उन्हें बंधक बनाकर बैठ गए हैं, उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। इस पर थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा। दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

व्यापारियों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

 

अग्रसेन भवन पहुंचे व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल को बताया कि उनके कहने के बावजूद पुलिस 50 लाख रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। व्यापारियों ने थाना प्रभारी पर खर्चा-पानी के नाम पर पैसे मांगने और देने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

मंत्री ने TI को फोन कर मांगा जवाब

 

व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन किया। बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि जब अपराधियों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस भेज दीजिए। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बंधक बनाकर बैठा दिया है।  इस पर थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन की मोहलत मांगी। मंत्री ने उन्हें दो से तीन दिन के भीतर कार्रवाई कर इसकी जानकारी देने को कहा। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।

फर्जी सील और नकदी रसीद से सामान निकालने का आरोप

 

पूरा मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कंपनी की बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर फर्जी सील बनाकर सामान की हेराफेरी करने का आरोप लगाया गया है।  शिकायत के मुताबिक, दोनों पिछले चार महीने से कथित तौर पर फर्जी नकदी रसीद तैयार कर कंपनी से सामान निकलवा रहे थे। इसके लिए पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था। सामान को गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था, जहां से अलग-अलग दुकानों में सप्लाई किए जाने का आरोप है।

कर्मचारी की सूचना से सामने आया मामला

 

कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी सचिन टोप्पो ने 21 अक्टूबर को संचालक कान्हा अग्रवाल को फर्जी नकदी रसीद के जरिए सामान निकाले जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद संचालक ने रसीदों और हिसाब-किताब की जांच कराई। कंपनी प्रबंधन ने जांच में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की हेराफेरी होने का दावा किया।  इस मामले में पुलिस ने अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब व्यापारियों की शिकायत और मंत्री की थाना प्रभारी से बातचीत के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button