बीमा दावा 4 साल तक लटकाने पर OICL पर गिरी गाज, सरकार ने लिया कड़ा फैसला

रायपुर – छत्तीसगढ़ शासन ने शासकीय हेलीकॉप्टर के बीमा दावे के निपटारे में चार साल से अधिक की देरी के मामले में कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (OICL) को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
मामला मई 2022 में रायपुर एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हुए राज्य शासन के हेलीकॉप्टर से जुड़ा है। हेलीकॉप्टर का बीमा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी से कराया गया था और प्रीमियम का पूरा भुगतान किया गया था। दुर्घटना के बाद शासन ने बीमा दावा पेश किया, लेकिन कंपनी ने इसे चार साल से अधिक समय तक लंबित रखा और अगस्त 2026 में दावा खारिज कर दिया।
कारण बताओ नोटिस के बाद कार्रवाई
विमानन संचालनालय की जांच में बीमा दावे के निपटारे में अत्यधिक देरी और कंपनी के रवैये को गंभीर माना गया। कार्रवाई से पहले कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब और व्यक्तिगत सुनवाई का पूरा अवसर दिया गया। कंपनी का पक्ष और दस्तावेजों की जांच के बाद तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट करने का आदेश जारी किया गया।
बीमा राशि की वसूली के लिए कार्रवाई जारी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कंपनी के ब्लैकलिस्ट होने के बावजूद बीमा राशि की वसूली का मामला खत्म नहीं हुआ है। राज्य शासन अपने वित्तीय हितों की रक्षा के लिए दावा राशि प्राप्त करने की आगे की कार्रवाई जारी रखेगा। सरकार ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति और धन से जुड़े मामलों में सेवा प्रदाताओं की जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना जरूरी है।
Live Cricket Info