भाजपा नेता मनोज मिश्रा को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी, एक साथ दो महत्वपूर्ण पदों पर मिली नियुक्ति


बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत वरिष्ठ कार्यकर्ता मनोज मिश्रा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किया है। इसके साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रदेश सह-प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। संगठन में एक साथ दो अहम दायित्व मिलने से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। ऐसे में इस योजना के प्रदेश सह-प्रभारी का दायित्व संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मनोज मिश्रा लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। वे संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ अपनी लेखनी के माध्यम से भी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की विचारधारा को मजबूती देने का कार्य करते रहे हैं। वे पूर्व में पार्षद चुनाव भी लड़ चुके हैं और संगठनात्मक अनुभव के लिए जाने जाते हैं।
राजनीति के अलावा खेल और सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने क्रिकेट में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं, बिलासपुर में निर्मित विशाल रावण प्रतिमा के निर्माण से भी उनका नाम जुड़ा रहा है।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके वर्षों के संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा तथा वे अपने नए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
मनोज मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

Live Cricket Info