भाजपा नेता देवेंद्र पांडे पर जमीन कब्जाने और धमकी देने का आरोप, FIR के 15 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं !

कोरबा। शहर में पहले से विवादों में घिरे भाजपा नेता देवेंद्र पांडे एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। इस बार शहर के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी ने उन पर जमीन हड़पने की नीयत से दबंगई, धमकी और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित व्यवसायी का आरोप है कि शिकायत के 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह बेहद आहत हैं। अब उन्होंने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने की बात कही है।
कुदुरमाल सागौन बाड़ी का मामला
पूरा मामला जिले के ग्राम कुदुरमाल स्थित सागौन बाड़ी का है, शिकायतकर्ता कोरबा शहर के टीपी नगर क्षेत्र के निवासी हैं। प्रार्थी किशोर कुमार अग्रवाल, उम्र 51 वर्ष, निहारिका स्थित ममता स्टील के संचालक हैं। उन्होंने 3 मार्च 2026 को इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
चौकीदार को धमकी और मारपीट का आरोप
प्रार्थी के अनुसार, 13 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे उनका चौकीदार बुधवार सिंह कंवर सागौन बाड़ी में ड्यूटी पर था। इसी दौरान तीन व्यक्ति वहां पहुंचे और चौकीदार को काम छोड़ने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने कहा कि यदि यहां काम किया तो जान से मार देंगे। साथ ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की गई।
शिकायत में उल्लेख है कि आरोपियों में शिवम पांडे और संतराम साहू शामिल थे, जिन्होंने चौकीदार के साथ मारपीट कर उसे एक अन्य व्यक्ति के पास ले जाया, जिसे “बड़े महाराज” कहा जा रहा था। बाद में उसकी पहचान भाजपा नेता देवेंद्र पांडे के रूप में हुई।
“यह हमारा एरिया है” कहकर दी धमकी
आरोप है कि देवेंद्र पांडे ने चौकीदार को धमकाते हुए कहा कि यह पूरा क्षेत्र उनका है और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही चौकीदार और उसके मालिक को जान से मारने की धमकी दी गई।
पुरानी शिकायत की रंजिश का आरोप
प्रार्थी ने बताया कि इससे पहले 30 जनवरी 2026 को शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर कलेक्टर कोरबा के यहां शिकायत की गई थी। इसी रंजिश के चलते यह पूरी घटना घटित हुई।
डर के कारण चौकीदार ने छोड़ी नौकरी
घटना के बाद चौकीदार बुधवार सिंह कंवर भयभीत होकर काम छोड़कर चला गया। प्रार्थी का कहना है कि इस घटना के गवाह आसपास के लोग भी हैं, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा और सुना है।
15 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, उठ रहे सवाल
प्रार्थी ने 6 मार्च को पुलिस से अपराध दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि भाजपा नेता के प्रभाव के चलते पुलिस कार्रवाई से बच रही है। हालांकि, जिले के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक इस प्रकार के मामलों को लेकर गंभीर माने जाते हैं।
पुलिस की जांच जारी, आरोपी का पक्ष आना बाकी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्राप्त शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा तथ्यों की पुष्टि कर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
इस मामले में ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ की टीम द्वारा भाजपा नेता देवेंद्र पांडे का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
उच्च अधिकारियों से न्याय की उम्मीद
पीड़ित व्यवसायी अब उच्च अधिकारियों से न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं। देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्द कार्रवाई करती है और आरोपों की सच्चाई सामने लाती है।
Live Cricket Info