कोरबा में ‘मंगल की मस्ती’ पहल की शुरुआत, योग-प्राणायाम और श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा स्वास्थ्य और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई नवाचारिक पहल “मंगल की मस्ती – स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का संगम” का शुभारंभ मंगलवार को महाराणा प्रताप उद्यान में हुआ। कार्यक्रम में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सर्वमंगल टीम के साथ संगीतमय योग-प्राणायाम किया और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
इस दौरान आयुक्त ने स्वयं टीम के साथ उद्यान में साफ-सफाई कर श्रमदान भी किया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वच्छता और उत्तम स्वास्थ्य ही जीवन में सच्चे सुकून का आधार हैं। इसी उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को इस तरह के आयोजन किए जाएंगे, ताकि आमजन, व्यापारी और उनके परिवार इसमें भाग लेकर स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक हों।
कार्यक्रम में 100 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। आयुक्त ने सहभागी नागरिकों के समूह को “सर्वमंगल दल” नाम देते हुए कहा कि यह दल शहर को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा।

नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने कहा कि जनसहयोग से कोरबा स्वच्छता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की भागीदारी से ही शहर को देश के स्वच्छतम शहरों में शामिल किया जा सकता है।
वहीं, निगम द्वारा 25 फरवरी से चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान के तहत विभिन्न वार्डों में मेगा ड्राइव जारी है। आयुक्त और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने वार्डों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को नालियों की सफाई, कचरा उठाव, कीटनाशक छिड़काव सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस पहल के माध्यम से नगर निगम कोरबा शहर में जनभागीदारी के जरिए स्वच्छता को नई दिशा देने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
Live Cricket Info