अपराधराजनीतीराज्य एव शहररोचक तथ्य

कोरबा में अतिक्रमण पर चला निगम का बुलडोजर : आयुक्त आशुतोष पांडेय खुद उतरे सड़क पर, बुधवारी बाजार और घंटाघर रोड कराया अतिक्रमण मुक्त

कोरबा। शहर को जाम और अव्यवस्थित बाजार से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने आखिरकार कड़ा कदम उठाया। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय खुद सड़क पर उतरकर अतिक्रमण हटाओ अभियान की कमान संभाली और बुधवारी बाजार, वीआईपी रोड तथा घंटाघर रोड के किनारे वर्षों से जमे ठेले-गुमटी को हटवाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया।

आयुक्त की मौजूदगी में निगम की टीम ने सख्ती के साथ कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे लगाए गए ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानों को हटाया। इस दौरान निगम के अधिकारी और अमला पूरे अभियान में सक्रिय दिखाई दिया। लंबे समय से अतिक्रमण के कारण बदहाल हो चुके बुधवारी बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए यह कार्रवाई की गई।

स्वच्छता सर्वेक्षण और सौंदर्यीकरण के तहत कार्रवाई

नगर निगम शहर के प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसी के तहत सीएसईबी चौक से बुधवारी बाजार, वीआईपी रोड, आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी चौक से घंटाघर होते हुए महाराणा प्रताप चौक तक के पूरे मार्ग का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

लेकिन इस मार्ग पर वर्षों से फैले अतिक्रमण के कारण विकास कार्य बाधित हो रहे थे। ऐसे में आयुक्त ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क किनारे सज रही थीं दुकानें

बुधवारी बाजार के दोनों ओर वीआईपी रोड और घंटाघर रोड के किनारे बड़ी संख्या में ठेले-गुमटी लगने लगे थे। बाजार परिसर में दुकानें आवंटित होने के बावजूद कई व्यापारी सड़क किनारे ही सामान सजाकर बैठ रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और अक्सर जाम की स्थिति बन रही थी।

नगर निगम ने पहले ही इस क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने के लिए बाजार के दोनों ओर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया था। अब सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है।

कॉलेज के सामने भी हटे ठेले

अभियान के दौरान मिनीमाता कॉलेज के सामने संचालित पान ठेले और अन्य अस्थायी दुकानों को भी हटाया गया। निगम प्रशासन ने कोप्टा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए सभी अवैध ठेलों को मौके से हटवा दिया।

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि हटाए गए ठेला संचालकों का नाम-पता दर्ज कर लिया गया है। भविष्य में जब भी निगम द्वारा दुकान आवंटन किया जाएगा, तो इन लोगों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा।

अतिक्रमण हटने से लोगों को राहत

इस कार्रवाई के बाद बुधवारी बाजार क्षेत्र में सड़कें चौड़ी नजर आने लगी हैं और यातायात भी सुचारु होने लगा है। लंबे समय से जाम और अव्यवस्था से परेशान लोगों को अब राहत मिलने लगी है।

अब लगेगा CCTV निगरानी तंत्र

आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि शहर के उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। ऐसे स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे और पुलिस के साथ समन्वय कर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

नगर निगम का कहना है कि शहर को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और यातायात के लिए सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button