टेक्नोलॉजी

बस्तर ओलिंपिक में दिखेगा महिला सशक्तीकरण, माओवादी रामदेर भी समर्पण की तैयारी में

रायपुर । बस्तर की धरती इस बार महिला सशक्तीकरण की नई कहानी लिखने जा रही है। बस्तर ओलिंपिक 2025 में पुरुषों से 63,961 अधिक महिलाओं ने पंजीयन कराया है।

विगत वर्ष की तुलना में महिला खिलाड़ियों की संख्या ढाई गुना से अधिक बढ़ी है। इसे बस्तर में सिकुड़ती माओवादी हिंसा का परिणाम माना जा रहा है।

इस बीच शीर्ष माओवादी हिंसक पोलित ब्यूरो सदस्य भूपति और केंद्रीय समिति सदस्य रूपेश के बाद केंद्रीय समिति सदस्य रामदेर ने भी समर्पण के लिए सुरक्षा बल के शीर्ष अधिकारियों से संपर्क साधा है।

करीब 50 सशस्त्र माओवादियों के साथ उसके जल्द समर्पण की उम्मीद है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को बस्तर ओलिंपिक की तैयारियों को लेकर कहा कि 3,91,297 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है।

इसमें 1,63,668 पुरुष और 2,27,629 महिलाएं शामिल हैं। विगत वर्ष 1,65,300 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया था, जिसमें 83,374 पुरुष और 81,926 महिलाएं थीं।

 

इस वर्ष भी माओवादी हिंसा के शिकार व दिव्यांग खिलाड़ी पैरा खेल स्पर्धाओं के माध्यम से सक्रिय भागीदारी करेंगे। विगत वर्ष बस्तर ओलिंपिक में आत्मसर्पण कर चुके माओवादियों को नया नाम ‘नुवा बाट’ दिया गया था।

11 खेलों को किया गया है शामिल

ओलिंपिक में 11 पारंपरिक व आधुनिक खेलों को शामिल किया गया है, जिसमें तीरंदाजी, एथलेटिक, कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबाल, हॉकी, कराते, वेटलिफ्टिंग, खोखो, वालीबाल, रस्साकसी शामिल है।

 

यह आयोजन तीन चरणों में होगा, जिसमें विकासखंड (ब्लाक) स्तरीय प्रतियोगिताएं 25 अक्टूबर से प्रारंभ होकर पांच नवंबर तक बस्तर संभाग के सभी ब्लाक मुख्यालयों में होंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं छह से 15 नवंबर तक होंगी, जिसमें ब्लाक स्तर के विजेता खिलाड़ी शामिल होंगे।

संभाग स्तरीय स्पर्धाएं 24 से 30 नवंबर तक संभावित है, जिसमें सभी सात जिलों बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर के विजेता खिलाड़ी शामिल होंगे।

विकासखंड स्तरीय आयोजन के लिए सात जिलों के 32 विकासखंडों में 62 से अधिक खेल मैदानों को चिन्हित कर तैयार किया जा रहा है।

जिला स्तरीय आयोजन के लिए सात जिला मुख्यालय में 20 से अधिक खेल अधोसंरचनाओं को चिन्हित कर तैयार किया जा रहा है। संभाग स्तरीय आयोजन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानक युक्त खेल मैदानों व स्टेडियम में होगा।

समापन समारोह में शामिल हो सकते हैं अमित शाह

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं। वर्ष 2024 में आयोजित प्रथम बस्तर ओलिंपिक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इसकी प्रशंसा करते हुए देश का अनूठा ओलिंपिक बताया था।

 

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button