कोरबा: कलेक्टर कुणाल दुदावत ने देवपहरी के एकलव्य विद्यालय में मनाया शाला प्रवेशोत्सव, वेदारंभ संस्कार और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में लिया हिस्सा


कोरबा। कोरबा जिले के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गुरुवार को जिला मुख्यालय से लगभग 58 किलोमीटर दूर स्थित वनांचल ग्राम देवपहरी पहुंचकर गौमुखी सेवाधाम द्वारा संचालित एकलव्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वेदारंभ संस्कार एवं शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आश्रम परिसर स्थित मां सिद्धिदात्री मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद उन्होंने हिंगलाजगढ़ स्थित शक्तिपीठ में अखंड ज्योति के दर्शन किए। यहां देश के प्रमुख शक्तिपीठों से लाई गई पवित्र ज्योति स्थापित है, जिसमें कामाख्या देवी, वैष्णो देवी, कालका देवी, कामाक्षी देवी तथा मैहर की मां शारदा की ज्योति शामिल है।

इसके पश्चात कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा गौमुखी सेवाधाम के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने वनवासी एवं संरक्षित जनजातीय बच्चों को संस्कारयुक्त, गुणवत्तापूर्ण और मूल्यपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ अंचलों में इस प्रकार की पहल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार के आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वेदारंभ संस्कार संपन्न कराया गया। नौ कुंडीय हवन में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने आहुति देकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण किया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भी 11 आहुतियां देकर हवन में सहभागिता निभाई।

वेदारंभ संस्कार के बाद प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी शुरुआत कलेक्टर श्री दुदावत ने पौधारोपण कर की। इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय के 300 विद्यार्थियों द्वारा 300 फलदार पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की व्यवस्था वन विभाग एवं पर्यावरण गतिविधि के जिला संयोजक कैप्टन मुकेश अदलखा द्वारा की गई।
कार्यक्रम का संचालन गौमुखी सेवाधाम के सचिव योगेश जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्था के कोषाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

Live Cricket Info

