सोनम वांगचुक से मिले अमित जोगी, छात्रों की लड़ाई में समर्थन का ऐलान

रायपुर । NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नई दिल्ली में चल रहे आंदोलन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन में शामिल हुए।
आंदोलन के दौरान अमित जोगी ने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने वांगचुक के संघर्ष और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग का समर्थन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की।
अमित जोगी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो इससे युवाओं का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज़ होता है और सरकार को विद्यार्थियों तथा आंदोलनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए। उनके अनुसार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाना समय की मांग है।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने स्पष्ट किया कि वह छात्रों और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर उनके साथ खड़ी है। पार्टी का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को उचित एवं पारदर्शी निर्णय लेने चाहिए। NEET परीक्षा को लेकर जारी विवाद और आंदोलन अब राजनीतिक समर्थन मिलने के बाद और अधिक चर्चा का विषय बन गया है।
Live Cricket Info
