राज्य समाचार

27 श्रमिकों की मौत… 40 से ज्यादा घायल… FIR भी दर्ज, फिर PMO शिकायत बंद करने की तैयारी क्यों?

Spread the love

 

 

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

वेदांता पावर हादसे पर सरकारी पत्रों ने उठाए नए सवाल—जांच पूरी हुए बिना फाइल समेटने की कोशिश या प्रशासनिक प्रक्रिया?

 

 

 

 

विशेष खोजी रिपोर्ट | ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज़ नेटवर्क

 

सक्ती/बिलासपुर।   वेदांता पावर लिमिटेड, सिंघीतराई में 14 अप्रैल 2026 को हुए भीषण औद्योगिक हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इस हादसे में 27 श्रमिकों की मृत्यु और 40 से अधिक श्रमिकों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई। इस मामले में जिला पुलिस द्वारा चेयरमैन अनिल अग्रवाल सहित कई अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी भी सार्वजनिक रिकॉर्ड का हिस्सा है।

 

 

 

अब इस पूरे मामले में सामने आए दो सरकारी पत्रों ने एक नया और गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।

 

एक ओर छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के आधार पर आयुक्त, बिलासपुर संभाग को पूरे हादसे की जांच सौंपी गई और जांच प्रक्रिया शुरू हुई। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) पोर्टल पर दर्ज शिकायत को बंद (विलोपित) करने के लिए प्रतिवेदन भेजे जाने का उल्लेख सरकारी पत्र में किया गया है।  यही तथ्य अब सबसे बड़ी बहस का विषय बन गया है।

 

दस्तावेज़ क्या कहते हैं?

20 अप्रैल 2026 के आयुक्त कार्यालय के आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि वेदांता पावर प्लांट हादसे की जांच के लिए संबंधित विभागों और कंपनी अधिकारियों को जांच में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। दस्तावेज़ में बॉयलर यूनिट-1 की वाटर सप्लाई पाइप के जॉइंट में तकनीकी खराबी का उल्लेख है।

 

 

इसके बाद 13 जुलाई 2026 को डभरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा जारी पत्र में कहा गया कि मामला आयुक्त स्तर पर जांचाधीन है तथा स्थानीय स्तर पर कोई कार्रवाई संभव नहीं है। इसी पत्र में प्रधानमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के संबंध में प्रतिवेदन भेजने का भी उल्लेख मिलता है।

 

 

सबसे बड़ा सवाल यहीं से शुरू होता है

यदि— जांच अभी भी आयुक्त स्तर पर लंबित है,

अंतिम जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई,

हादसे की जवाबदेही तय नहीं हुई,

और एफआईआर के आधार पर आपराधिक प्रक्रिया भी जारी है,   तो फिर प्रधानमंत्री पोर्टल की शिकायत बंद करने की अनुशंसा किस आधार पर की जा रही है?

 

जनता जानना चाहती है

 

क्या आयुक्त की अंतिम जांच रिपोर्ट शासन को सौंप दी गई है?

 

 

यदि रिपोर्ट पूरी हो गई है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?

 

यदि जांच अभी जारी है तो शिकायत बंद करने की जल्दबाजी क्यों?

 

 

क्या 27 मृत श्रमिकों के परिवारों और 40 से अधिक घायलों को पूरा न्याय मिल गया?

 

एफआईआर में नामजद आरोपियों के विरुद्ध जांच और अभियोजन की वर्तमान स्थिति क्या है?

 

यह केवल एक हादसा नहीं, जवाबदेही की परीक्षा है

औद्योगिक दुर्घटनाएँ केवल एक कंपनी का मामला नहीं होतीं। वे श्रमिक सुरक्षा, प्रशासनिक निगरानी, औद्योगिक उत्तरदायित्व और शासन की पारदर्शिता की कसौटी होती हैं।

यदि जांच पूरी होने से पहले शिकायतों का निराकरण कर दिया जाता है, तो स्वाभाविक रूप से जनता के मन में अनेक प्रश्न उठते हैं। इन प्रश्नों का उत्तर केवल अंतिम जांच रिपोर्ट, न्यायिक प्रक्रिया और सक्षम अधिकारियों की पारदर्शी कार्रवाई ही दे सकती है।

 

ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज़ नेटवर्क पूछता है

27 मौतों का सच आखिर कब सामने आएगा?

क्या अंतिम जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होगी?

क्या एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों की जवाबदेही तय होगी?

या फिर देश की सबसे बड़ी औद्योगिक त्रासदियों में से एक भी फाइलों में दबकर रह जाएगी?

 

संपादकीय टिप्पणी:   यह रिपोर्ट उपलब्ध सरकारी पत्रों और सार्वजनिक रिकॉर्ड में उपलब्ध तथ्यों पर आधारित है। दस्तावेज़ों से उठने वाले जनहित के प्रश्न प्रस्तुत किए गए हैं। किसी भी व्यक्ति की आपराधिक जिम्मेदारी का अंतिम निर्धारण न्यायालय और सक्षम जांच एजेंसियों द्वारा ही किया जाएगा।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button