भिलाई : पीएम आवास के हितग्राहियों को बेटी की शादी पर मिलेगा नि:शुल्क गैस कनेक्शन
विधायक रिकेश सेन की एक और बड़ी घोषणा

भिलाई नगर । वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में जनहित और सामाजिक कल्याण को केंद्र में रखकर लगातार नवाचारपूर्ण योजनाएं लागू कर रहे विधायक रिकेश सेन ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की है। अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्राप्त करने वाले परिवारों में बेटियों का विवाह होने पर नवविवाहित दंपत्ति को नि:शुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत एक गैस सिलेंडर और एक गैस चूल्हा प्रदान किया जाएगा। इस नई पहल का शुभारंभ 10 अगस्त से किया जाएगा।
विधायक रिकेश सेन का कहना है कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटी के विवाह के बाद नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत सुविधाजनक और सम्मानजनक हो,
यही इस योजना का उद्देश्य है। उनका मानना है कि स्वच्छ ईंधन का उपयोग केवल सुविधा ही नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर जीवन स्तर से भी जुड़ा हुआ है।
गौरतलब है कि वैशाली नगर विधानसभा में पिछले कुछ समय से विधायक रिकेश सेन लगातार ऐसी योजनाएं लागू कर रहे हैं, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। मात्र एक रुपये में चश्मा उपलब्ध कराने की योजना के माध्यम से हजारों लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें चश्मे उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं मां-शिशु सुरक्षा कवच योजना के तहत नवजात शिशुओं और माताओं को आवश्यक सामग्री से युक्त सुरक्षा किट प्रदान की जा रही है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूती मिल रही है।
आपको बता दें कि विधायक रिकेश सेन केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार कर रहे हैं। यही कारण है कि उनकी पहलें सीधे आम लोगों के जीवन से जुड़ती दिखाई देती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस नई घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि बिटिया के विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर नि:शुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इससे नए परिवारों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक रसोई की शुरुआत करने में मदद मिलेगी।
Live Cricket Info