डायल-112 के आरक्षक पर हमला शराब के नशे में सिरफिरे ने डंडे से वार कर किया घायल

बिलासपुर । शहर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कानून व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी भी अब सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां ड्यूटी पर तैनात डायल-112 के एक आरक्षक पर देर रात डंडे से हमला कर दिया गया। घायल आरक्षक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाने का आरक्षक मोरज सिंह (बैच नंबर 788) डायल-112 की टीम में पदस्थ है। देर रात कुदुदंड में सागर छात्रवानी अपने पिता मुन्ना छात्रवानी के साथ घरेलू बातों को लेकर गाली-गलौज कर मारपीट कर रहा था। घटना की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। डायल-112 स्टाफ द्वारा उसके पिता को सुरक्षित करने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया गया। इसी बीच शराब के नशे में धुत सागर छात्रवानी से पुलिसकर्मियों की किसी बात को लेकर बहस होने लगी।
देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि उसने अपने पास रखे डंडे से आरक्षक पर हमला कर दिया, जिससे उसे सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं। घायल पुलिसकर्मी का सिम्स में इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
Live Cricket Info