धमतरी पुलिस की चार वर्षों में सबसे बड़ी कार्रवाई: 2.60 करोड़ का गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2.60 करोड़ रुपये मूल्य का 490.818 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में 4 आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार यह जिले में पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जप्ती की कार्रवाई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महेन्द्रा पिकअप वाहन और एक मारूति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर चारामा से धमतरी की ओर परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर सीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों तथा स्विफ्ट कार में छिपाकर रखे गए कुल 96 पैकेटों से 490.818 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से नौशाद खान (29), करण साहू (22), मोहम्मद शादिक (30), हिमांशु साहू (20) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर और अन्य स्थानों में खपाने की तैयारी कर रहे थे।
2.60 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये मूल्य का गांजा, एक मारूति स्विफ्ट कार, एक महेन्द्रा पिकअप वाहन तथा छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये आंका गया है।
छह सप्ताह में सातवीं बड़ी कार्रवाई
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि पिछले छह सप्ताह के दौरान धमतरी पुलिस द्वारा गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार सात बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर कड़ी निगरानी रखकर अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार तस्कर कभी कपड़ों के व्यापार, कभी महिलाओं की आड़ तो कभी अन्य शातिर तरीकों का इस्तेमाल कर नशीले पदार्थों की तस्करी करने का प्रयास करते हैं, लेकिन सुदृढ़ खुफिया तंत्र और सतत निगरानी के चलते ऐसे नेटवर्कों का लगातार खुलासा हो रहा है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Live Cricket Info