कार में चल रहा था IPL का ‘डिजिटल दांव’, धमतरी पुलिस ने दबोचे दो सटोरिए, 5.40 लाख का सामान जब्त

धमतरी – आईपीएल सीजन के बीच धमतरी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने PG कॉलेज मैदान में खड़ी एक टाटा नेक्सॉन कार से मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेल रहे दो युवकों को पकड़ा। कार्रवाई में पुलिस ने मोबाइल फोन, नगदी और कार समेत करीब 5 लाख 40 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में जुआ, सट्टा और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि अंबेडकर चौक के पास PG कॉलेज मैदान में खड़ी कार क्रमांक CG 05 AK 3677 के भीतर दो व्यक्ति मोबाइल फोन से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमीत वाधवानी और विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू निवासी धमतरी बताया। जांच में उनके मोबाइल फोन में “All Panel Exchange” नामक ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म संचालित पाया गया, जिसके जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत पर दांव लगाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन, दो अन्य मोबाइल, 5,200 रुपये नगद और टाटा नेक्सॉन कार जब्त की है।
मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 133/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब मोबाइल, बैंक खाते, यूपीआई आईडी और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच कर पूरे सट्टा नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
Live Cricket Info