करंट का खतरा बना जानलेवा, वार्ड 26 में दहशत

पार्षद अब्दुल रहमान ने कलेक्टर और बिजली विभाग से की शिकायत
कोरबा – अब्दुल रहमान ने वार्ड क्रमांक 26 पं. रविशंकर शुक्ल नगर में खुले ट्रांसफार्मर और जर्जर बिजली पोलों से लगातार हो रहे हादसों को लेकर जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने कलेक्टर और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि मुख्य मार्ग के पास स्थित ट्रांसफार्मर खुले हालात में है, जिससे लगातार करंट प्रवाहित हो रहा है। इलाके में कई बिजली पोल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है।
पार्षद ने कहा कि अब तक कई मवेशी करंट की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। हाल ही में एक बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षेत्र में उद्यान होने के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का लगातार आना-जाना रहता है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार मौखिक और लिखित शिकायत देने के बावजूद विभाग ने कोई सुधार कार्य नहीं किया। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई जनहानि होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड 26 में जर्जर पोलों को तत्काल बदला जाए और खुले ट्रांसफार्मर को सुरक्षित किया जाए ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
Live Cricket Info
