राज्य समाचार

स्वास्थ्य मंत्री ने रखी विकास की मजबूत नींव

Spread the love
301.32 लाख की लागत से चैनपुर में बनने वाले भव्य जिला पंचायत भवन का हुआ भूमि पूजन

 

एमसीबी ।  जिले के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय उस समय जुड़ गया जब चैनपुर में 3 करोड़ 1 लाख 32 हजार की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक जिला पंचायत भवन का भव्य भूमि पूजन समारोह पूरे उत्साह, श्रद्धा और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

 

 

 

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन से हुई, जिसे मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के करकमलों द्वारा संपन्न किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को जनभागीदारी का अद्भुत स्वरूप प्रदान किया।

 

भूमि पूजन के उपरांत राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया गया तथा छत्तीसगढ़ की अस्मिता और गौरव को दर्शाते हुए राज्य गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इसके बाद अतिथियों के स्वागत का क्रम प्रारंभ हुआ, जिसमें सभी विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया गया। मंच पर मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, जिला अध्यक्ष चंपादेवी पावले, मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, जिला पंचायत के सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि गरिमामयी उपस्थिति में रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम लिंगराज सिदार ने कहा कि यह दिन एमसीबी जिले के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि शासन और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से लगभग 301.32 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह जिला पंचायत भवन प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा विकास कार्यों को गति देने में मील का पत्थर साबित होगा।

 

 

 

वहीं मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल ने चैत नवरात्र के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए इस दिन को जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिला पंचायत के लिए एक भव्य भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और आज उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह भवन प्रशासनिक कार्यों को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के साथ-साथ जिले के समग्र विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के समय स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा देखे गए समृद्ध राज्य के सपने को याद करते हुए कहा कि एमसीबी जिला प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और यहां अपार विकास संभावनाएं मौजूद हैं। राम गमन मार्ग हरचौका, राष्ट्रीय गुरु घासीदास उद्यान और चिरमिरी का कोयलांचल क्षेत्र जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर रहे हैं।

 

उन्होंने कृषि और जल संसाधन क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि केवई नदी के जल से लगभग 50 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान की जाएगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए जिला पंचायत मुख्यालय और कलेक्ट्रेट भवन का भी शीघ्र भूमिपूजन किया जाएगा तथा केल्हारी से कठौतिया तक डबल लाइन सड़क निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

 

 

रोजगार के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने ‘वीबी रामजी’ योजना के तहत 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने और 7 से 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही। विलंब होने पर ब्याज सहित राशि दिए जाने का प्रावधान भी बताया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी भवन, तालाब और सीसी रोड जैसे निर्माण कार्य अब मनरेगा और इस योजना के माध्यम से तेजी से पूरे किए जाएंगे।

 

 

 

गरीबों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और हर घर में शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की गई है। कच्चे मकानों को अगले दो वर्षों में शत-प्रतिशत पक्के मकानों में बदलने का संकल्प लिया गया है। किसानों के हित में समर्थन मूल्य और बोनस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मोटे अनाजों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि चिरमिरी में हॉर्टिकल्चर और पॉलीटेक्निक कॉलेज खोले जा रहे हैं, नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जा रही है और मनेंद्रगढ़ में 220 बिस्तरों वाले अस्पताल की स्वीकृति से स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।

 

 

इसके साथ ही पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष चंपादेवी पावले ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक है। लंबे समय से आवश्यक जिला पंचायत भवन के निर्माण से अब जनसेवा, जनसुनवाई और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी जनकल्याणकारी नीतियों से गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है और लोगों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।

 

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता चौधरी, अनीता सिंह, उजीत नारायण सिंह, रामजीत लकड़ा, श्रीमती सुखवंती सिंह, सरपंच श्रीमती मीना कुमारी, प्रकाश शुक्ला, प्रभारी जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, एसडीएम लिंगराज सिदार, जनपद सीईओ वैशाली सिंह सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button