अपराधराज्य समाचाररोचक तथ्य

जंत्र-मंत्र का जाल : 10 गुना रकम के लालच में फंसा पार्षद पुत्र, ‘चिल्ड्रन बैंक’ के नोटों से भरा निकला झोला

Spread the love

रायपुर। राजधानी में अंधविश्वास, लालच और ठगी का ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की सतर्कता पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। गुढ़ियारी क्षेत्र के एक बीजेपी पार्षद के बेटे रुस्तम कुर्रे को तांत्रिकों ने “नोटों की बारिश” और रकम को 10 गुना करने का ऐसा सपना दिखाया कि देखते ही देखते 3.50 लाख रुपये ठग लिए गए। जब तक सच्चाई सामने आई, तब तक हाथ में सिर्फ एक झोला था—जिसमें असली नोटों की जगह ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया’ के खिलौना नोट भरे थे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

 

जानकारी के मुताबिक, रुस्तम कुर्रे की मुलाकात करीब एक साल पहले भिलाई के सुपेला इलाके में राहुल भारती और मयंक दास नामक युवकों से हुई थी। दोनों ने खुद को सिद्ध तांत्रिक बताकर दावा किया कि विशेष अनुष्ठान के जरिए साढ़े तीन लाख रुपये को साढ़े तीन करोड़ में बदला जा सकता है। धीरे-धीरे विश्वास का जाल बुना गया और फिर 9 फरवरी को गुढ़ियारी स्थित एक कार्यालय में “पूजा-पाठ” का नाटक रचा गया।

आरोपियों ने पार्षद पुत्र से नगद रकम ली और श्मशान की मिट्टी लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब झोला खोला गया तो परिवार के होश उड़ गए। अंदर असली करेंसी की जगह बच्चों के खेल में इस्तेमाल होने वाले नकली नोट ठूंसे हुए थे। तब समझ में आया कि यह तंत्र-मंत्र नहीं, बल्कि शातिर ठगों की सुनियोजित साजिश थी।

यह कोई पहला मामला नहीं है। हाल के महीनों में बिलासपुर और कोरबा में भी “पैसों की बारिश” और रकम कई गुना करने के नाम पर बड़े कांड सामने आ चुके हैं। बिलासपुर में एक कथित तांत्रिक ने वीडियो के जरिए चमत्कार दिखाकर 25 लाख रुपये की ठगी की थी। वहीं, कोरबा में पिछले वर्ष दिसंबर में एक फार्महाउस में तंत्र-मंत्र के दौरान तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जहां 5 लाख को 2.5 करोड़ बनाने का लालच दिया गया था।

इधर, गुढ़ियारी पुलिस ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की और महज चार घंटे के भीतर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों—राहुल भारती और मयंक दास—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन ठगों का नेटवर्क और किन-किन जिलों में फैला हुआ है और कितने लोग इनके जाल में फंस चुके हैं।

चेतावनी: प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि “नोटों की बारिश”, “रकम दस गुना” या किसी भी प्रकार के चमत्कारिक दावे पूरी तरह ठगी का जाल हैं। ऐसे तांत्रिकों और तथाकथित चमत्कारी दावों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button