राज्य समाचार

बीरगुड़ी में जैव विविधता संरक्षण व अग्नि सुरक्षा कार्यशाला, वनवासियों को आत्मनिर्भरता का संदेश

 

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

धमतरी ।   वन विभाग और EARTH RETREAT FOUNDATION के संयुक्त तत्वावधान में धमतरी जिले के बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टासिल्ली में जैव विविधता संरक्षण एवं अग्नि सुरक्षा विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में वन अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।

वन परिक्षेत्र बीरगुड़ी के ग्राम गट्टासिल्ली कैंपस में 14 फरवरी को आयोजित इस कार्यशाला में धमतरी के सभापति अजय, परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत गट्टासिल्ली के सरपंच सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, फायर वॉचर एवं सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य घने जंगलों में रहने वाले वनवासियों को जैव विविधता के महत्व से अवगत कराना और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था। फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती अनुभा द्विवेदी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जंगलों में मौजूद छोटे-छोटे जीव-जंतु और वनस्पतियां पारिस्थितिकी तंत्र की रीढ़ हैं, जिनकी रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने स्थानीय पेड़ों की विभिन्न प्रजातियों से उपयोगी उत्पाद तैयार कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि जैव विविधता प्रबंधन समिति (BMC) के सशक्तिकरण और ग्रामवासियों को प्रशिक्षण के माध्यम से जागरूक करने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही गट्टासिल्ली के ऐतिहासिक वन संरक्षण प्रयासों को पुनर्जीवित करने की बात कही।

 

कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। ‘वन एवं जैव विविधता’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा छठवीं की छात्रा कु. सोनाली को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।

फाउंडेशन के सह-संस्थापक सिद्धार्थ द्विवेदी ने बताया कि संस्था प्लास्टिक का उपयोग नहीं करती और छत्तीसगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए अभियान चला रही है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए स्टील की बोतल रखने वाली छात्रा को सम्मानित भी किया गया।

 

विषय विशेषज्ञ शेफाली यादव ने जैव विविधता की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीणों से जंगल में सतर्कता बरतने और किसी भी वन्यजीव गतिविधि की तत्काल सूचना विभाग को देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण के संदेश को सशक्त करने के लिए वृक्षारोपण किया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर वन संरक्षण का संकल्प लिया। परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button