राष्ट्रीय खबरें

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए जान फूंकेंगे राहुल गांधी, हरियाणा-महाराष्ट्र में करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां

Spread the love

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के चुनावी अभियान के मद्देनजर कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी आगामी 10 अक्टूबर से लेकर 19 अक्टूबर तक दोनों राज्यों में रोड शो और रैलियों का आयोजन करेंगे।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार (3 अक्टूबर) को 20 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। पार्टी ने पहले 19 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की फिर किसान कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले को सकोली विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया। कांग्रेस की चौथी सूची में सबसे प्रमुख नाम नागपुर के स्थानीय नेता आशीष देशमुख का है जिन्हें नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ टिकट दिया गया है।
पार्टी की चौथी सूची में दो सीटें नन्दूरबार और सिलोड से उम्मीदवार बदले गए हैं। इससे पहले पार्टी ने रविवार को 51 उम्मीदवारों की अपनी पहली, गत मंगलवार (1 अक्टूबर) को 52 उम्मीदवारों की दूसरी और बुधवार (2 अक्टूबर) देर रात 20 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की थी।
महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि नतीजों का ऐलान तीन दिन बाद 24 अक्टूबर को होगा। महाराष्ट्र विधानसभा में सीटों की संख्या 288 है। इसमें 234 सामान्य सीटें हैं, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए क्रमशः 29 और 25 सीटें आरक्षित हैं।
21 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में चुनाव कराने की घोषणा की है। मतों की गिनती 24 अक्ट्रबर को होगी। लोकसभा चुनाव 2019 में भारी बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता में वापसी के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है।
2014 में भाजपा ने मारी थी बाजी
साल 2014 में महाराष्ट्र विधानसभा की 288 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 122 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। भाजपा ने पहली बार महाराष्ट्र में इतनी सीटें हासिल की थीं। वहीं, कांग्रेस 42 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई। इसके अलावा, शिवसेना 63 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रहने वाली पार्टी थी। शरद पवार की राकांपा को 41 सीटें मिली थीं।
2014 में 63.08 प्रतिशत वोट डाले गए थे। कुल 52691758 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। जिसमें 28383004 पुरुष, 24308397 महिला और 357 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल थे। पिछले विधानसभा चुनाव में 63.08 प्रतिशत वोट डाले गए थे।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button