खेल समाचार

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: भारत को फ्रीस्टाइल रैंकिंग में मिला छठा स्थान

भारत को विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत फ्रीस्टाइल वर्ग की टीम रैंकिंग में छठा स्थान मिला। भारत को महिला रैंकिंग में 17वां और ग्रीको रोमन रैंकिंग में संयुक्त 33वां स्थान मिला। भारत ने इस प्रतियोगिता में एक रजत और चार कांस्य सहित कुल पांच पदक जीते। इनमें से चार पदक फ्रीस्टाइल और एक पदक महिला वर्ग में मिला। भारत को ग्रीको रोमन वर्ग में कोई पदक नहीं मिला।
फ्रीस्टाइल में भारत 59 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहा जबकि रूस ने 150 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। कजाकिस्तान 93 अंकों के साथ दूसरे तथा जार्जिया और अमेरिका 75 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में भारत को 29 अंकों के साथ 17वां स्थान मिला। जापान 137 अंकों के साथ पहले, रूस 108 अंकों के साथ दूसरे और अमेरिका 105 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। ग्रीको रोमन में भारत का अंकों का खाता नहीं खुला और वह संयुक्त 33वें स्थान पर रहा। रूस ने 132 अंकों के साथ पहला, उज्बेकिस्तान ने 80 अंकों के साथ दूसरा और जार्जिया ने 79 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
बता दें कि दीपक पूनिया के चोटिल होने के कारण फाइनल से हट जाने के बाद राहुल अवारे ने रविवार को कांस्य पदक जीता, जिससे भारत ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पदकों के मामले में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहा। अवारे ने 61 किग्रा के कांस्य पदक मुकाबले में 2017 के पैन अमेरिकी चैंपियन टाइलर ली ग्राफ को 11-4 से हराकर भारत के पदकों की संख्या पांच पर पहुंचायी। भारत की तरफ से दीपक पूनिया ने रजत जबकि बजरंग पूनिया, राहुल अवारे, रवि कुमार दहिया और महिला वर्ग में विनेश फोगाट ने कांस्य पदक जीते।
भारत का विश्व चैंपियनशिप में इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2013 में था जब उसने तीन पदक जीते थे। तब अमित दहिया ने रजत, बजरंग पूनिया ने कांस्य और संदीप तुलसी यादव ने ग्रीको रोमन में कांस्य पदक जीता था।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button