राज्य समाचार

छत्तीसगढ़ में तबादलों में अनदेखी से कांग्रेस विधायकों का मंत्री के घर हंगामा

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तबादले की समय सीमा खत्म होने के बाद अब हंगामा शुरू हो गया है। कांग्रेस के दस विधायक कल मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम के बंगले पहुंचे और अपनी अनुशंसा पर तबादला नहीं होने पर भड़क गए। विधायक बृहस्पति सिंह ने मंत्री के समक्ष भड़ास निकाली। इसके बाद विधायकों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पूरे मामले की जानकारी दी। सीएम ने सभी विधायकों को सीएम हाउस बुलाकर उनकी समस्या को सुना और उचित निराकरण का आश्वासन दिया। मीडिया से चर्चा में बृहस्पति ने कहा कि सभी ने मिलकर सरकार बनाई है, जो गलत करेगा उसके विरोध का अधिकार है। वहीं, मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने सभी विधायकों से कहा कि उनकी अनुशंसा पर विचार किया जाएगा।
मंत्री टेकाम के बंगले पर विधायक बृहस्पति सिंह, गुलाब कमरो, कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, लाखेश्वर बघेल, रामकुमार, अनिता शर्मा, शकुंतला साहू सहित अन्य पहुंचे थे। बृहस्पति सिंह ने कहा कि मंत्री के बंगले पर दस विधायक थे, उनकी कोई सुनवाई करने वाला नहीं था। कोई मंत्री किसी के बहकावे में आकर गलत करते हैं, तो उनके विरोध का अधिकार है। बृहस्पति ने पूरे मामले की शिकायत प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और अरुण उरांव से भी की है। वहीं, विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि उनके प्रस्ताव में कुछ पर अमल किया गया, लेकिन बाकी का काम नहीं हुआ है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि कई अनुशंसा को पूरा नहीं किया गया। मंत्री ने आश्वासन दिया है कि विचार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि मंत्री के सामने एक विधायक ने तो यहां तक कह दिया कि भाजपा नेताओं के काम हो गए। जो लोग पैसा लेकर आए थे, उनके तबादले हो गए, लेकिन जनता के प्रतिनिधियों का काम रुक गया।
बंगले में हंगामा व तोडफ़ोड़ की खबर का मंत्री प्रेमसाय सिंह ने खंडन किया है। उन्होंने बंगले में तोडफोड़ की बात को बेबुनियाद बताया है। प्रेमसाय ने विधायकों की नाराजगी पर कहा कि यह हमारे घर का मामला है। थोड़ा मतभेद था, जिसे आपसी बातचीत से सुलझा लिया गया है।
भूपेश बोले- गलत हो तो तुरंत जानकारी दें
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी विधायकों को आश्वस्त किया कि कोई भी अनदेखी नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर अच्छा काम होता है, तो उसकी तारीफ करें। कोई गलत करता है, तो उसकी जानकारी दें। मुख्यमंत्री बघेल से एक विधायक ने यह भी कहा कि जनता ने हम पर जो भरोसा किया है, उस पर कुठाराघात किया जा रहा है।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button