राष्ट्रीय खबरें

बंगाल के उत्तर 24 परगना में बम विस्फोट में 2 लोगों की मौत, 4 घायल

Spread the love

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में हिंसा रूकने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार रात को जिले के कांकीनारा इलाके में हुए एक विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई है, और चार ज़ख्मी हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अज्ञात बदमाशों ने सोमवार रात देसी बम फेंका था। हम डरे हुए हैं, इलाके में लूटपाट भी होती रही हैं। हम मांग करते हैं कि प्रशासन हमारी मदद करे।
आपको बता दें कि 24 परगना के संदेशखाली में शनिवार रात भड़की हिंसा के बाद तीन लोगों की मौत हो गई थी। भाजपा नेताओं ने दावा किया था कि इनमें से दो लोग उनके समर्थक थे वहीं तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि एक उनका सक्रिय कार्यकर्ता था। दोनों दलों ने दावा किया कि उनके कई समर्थक हिंसा के बाद से लापता हैं। पुलिस और उत्तर 24 परगना जिले के अधिकारियों ने शनिवार के बाद हुए संघर्षों के बारे में कुछ नहीं बोला और मृतकों की संख्या पर कोई बयान नहीं दिया। हालांकि बनर्जी ने कहा कि मृतकों की संख्या दो है। उन्होंने इसका ब्योरा नहीं दिया और भाजपा पर राज्य में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया।
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि शनिवार को हुई हिंसा में दो लोग मारे गये थे और भाजपा का पांच लोगों के मारे जाने का दावा झूठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हिंसा भड़काने की और फर्जी खबरें फैलाकर उनकी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है तथा तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल को एक और गुजरात नहीं बनने देगी। बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पश्चिम बंगाल को भेजे परामर्श को ”पर्दे के पीछे से खेला जा रहा खेल करार दिया और कहा कि राज्य के मुख्य सचिव इसका जवाब दे चुके हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ”वे (भाजपा) सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी खबरें फैलाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं। केंद्र सरकार और (भाजपा) पार्टी के कार्यकर्ता राज्य में हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। हम बंगाल को एक और गुजरात नहीं बनने देंगे।
भाजपा ने सोमवार को दावा किया कि हावड़ा जिले में पार्टी के एक समर्थक को ‘जय श्री राम बोलने पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मार डाला। पुलिस ने 43 साल के समतुल डोलोई की मौत की पुष्टि की है जिसका शव अमता थाना क्षेत्र के सरपोता गांव में खेत में मिला। हालांकि मौत के कारणों पर अधिकारियों ने कुछ भी नहीं कहा। स्थानीय सूत्रों के अनुसार डोलोई रविवार रात एक समारोह में गया था लेकिन घर नहीं लौटा। उसका शव सोमवार को मिला जिसके गले में फंदा था। भाजपा की हावड़ा ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष अनुपम मलिक ने दावा किया कि डोलोई उनकी पार्टी का समर्थक था और ‘जय श्री राम बोलने पर तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने उसकी हत्या कर दी। तृणमूल कांग्रेस के विधायक समीर पांजा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच के बाद ही सच सामने आएगा।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button