राष्ट्रीय खबरें

प्रियंका गांधी पर अभद्र टिप्पणी, दिल्ली महिला कांग्रेस ने थाने में दर्ज की शिकायत

Spread the love

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली महिला कांग्रेस ने सोमवार को संसद मार्ग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कांग्रेस महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने प्रियंका वाड्रा के खिलाफ सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे अभियान के खिलाफ जांच की मांग की। इसमें कहा गया है कि जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल उनके लिए किया जा रहा है, वह देश की सभी महिलाओं के लिए दुखद है।
दिल्ली कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि प्रियंका गांधी को पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तरह-तरह की टिप्पणी की है, वह अशोभनीय और बेहद शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देते हैं और दूसरी तरफ उनकी पार्टी के जिम्मेदार लोग महिलाओं के प्रति ऐसी सोच रखते हैं, जो बहुत चिंतनीय है।
किसी भी महिला के खिलाफ अश्लील और अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ अगर सख्त कार्रवाई नहीं होगी तो कोई महिला कैसे राजनीति में आने के लिए सोचेगी।
‍शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि प्रियंका के खिलाफ सोशल मीडिया पर जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, उसी प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल भाजपा के नेताओं ने किया है। इससे पता चलता है कि सोशल मीडिया पर प्रियंका के खिलाफ जो अभद्र टिप्पणी की जा रही हैं, वे भी भाजपा प्रायोजित हैं।
उन्होंने कहा कि इस मामले में यहां शिकायत दर्ज कराई गई है तथा देशभर में महिला कांग्रेस की तरफ से शिकायतें दर्ज कराई जाएंगी।
गौरतलब है कि प्रियंका के सक्रिय राजनीति में कदम रखने के बाद भाजपा के कई नेताओं ने टिप्पणी की है और उसके बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ एक अभियान चलाया जा रहा है।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button