राज्य समाचार

मोदी के सौ दिनों की कामयाबी गिनाने आए मंत्री के पास बेरोजगारी के आंकड़े नहीं

Spread the love

रायपुर। मोदी सरकार की दूसरी पारी के सौ दिन पूरे होने पर केन्द्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलोत ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि ये सौ दिन कठोर परिश्रम और बड़े निर्णयों वाले थे। उन्होंने बेरोजगारी पर कहा कि बेरोजगारी के आंकड़े तो नहीं हैं, लेकिन सरकार ने जो पूंजी निवेश किया है, उसमें लोगों को रोजगार मिला है। श्री गहलोत ने यह भी कहा कि मंदी का ज्यादा असर नहीं है। सरकार ने इसको लेकर जरूरी कदम उठाए हैं।
श्री गहलोत ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सौ दिनों में भारत सरकार ने देश और दुनिया में जो काम किए हैं, उसकी हर जगह प्रशंसा हो रही है। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के विशेष प्रावधानों को हटाने का ऐतिहासिक काम किया है। अनुच्छेद 35-ए को निरस्त कर दिया गया। धारा-370 खत्म करने पर उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों को मुख्य धारा में लाने के लिए फैसला लिया गया है। अब वहां भारत का कानून और केन्द्र की योजनाएं लागू होंगी।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने इसका विरोध किया तो उसे दूसरे देश से मदद नहीं मिली। हमारी सरकार किसानों के लिए समर्पित है। किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। उन्होंने मोदी सरकार 2.0 की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि दूसरी पारी के लिए पहले से ही हमने कार्य योजना बनाई, उसी के मुताबिक काम करते हुए 100 दिनों के भीतर कई महत्वपूर्ण कामों को अंजाम तक पहुंचाया गया। केंद्रीय मंत्री गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार ने जो काम किया है, उसकी देश और दुनिया में सराहना हो रही है। सरकार ने एक नहीं बल्कि कई ऐतिहासिक कदम के उठाएं हैं।
विवाहित मुस्लिम महिलाओं के लिए ऐतिहासिक तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के प्रतिबद्ध है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का ऐतिहासिक विलय और बैंकों के माध्यम से अतिरिक्त क्रेडिट विस्तार किया गया। आटोमोबाइल क्षेत्र में गति के उपाय किए गए हैं। और 5 वर्षों में 100 लाख करोड़ रुपए से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की पाइपलाइन को अंतिम रूप देने के लिए एक अंतर मंत्रालयीन कार्य बल का गठन किया गया है।
उन्होंने इज ऑफ डूइंग बिजनेस, समाज के सभी वर्गों के लिए सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया गया। केन्द्र सरकार ने सबका सशक्तिकरण, आदिवासी कल्याण, किसानों की आय दुगनी करना, जल सुरक्षा की ओर कदम, सुशासन, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मोटरयान संसोधन अधिनियम,इलेक्ट्रिक गतिशीलता को प्रोत्साहन,फिट इंडिया मूवमेंट, चंद्रयान-2 नए क्षितिज की खोज,सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र, भारत को विश्व के साथ, भारत का बढ़ता वैश्विक कद, ग्लोबल लीडरशीप में भारत अग्रणी आदि विषयों पर मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान पत्रकारवार्ता में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद सुनील सोनी और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद थे।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button