जमशेदपुर में रील बनाने पर माता-पिता ने 14 साल की बेटी की हत्या की, पत्थर खदान में फेंका शव… दोनों गिरफ्तार

मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली कनकलता मुर्मू का 10 नवंबर को मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर माता-पिता से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दोनों ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद कथित तौर पर साक्ष्य मिटाने के इरादे से दोनों ने बेटी के शव को गांव की एक परित्यक्त पत्थर खदान में फेंक दिया।
तीन दिन बाद खदान से बरामद हुआ शव
घटना के तीन दिन बाद यानी 13 नवंबर को बच्ची का शव खदान से बरामद हुआ। आरोप है कि हत्या के बाद माता-पिता ने ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने के लिए बेटी के लापता होने की कहानी सुनाई।
शव मिलने के बाद पुलिस को दोनों के व्यवहार पर संदेह हुआ, लेकिन शुरुआती जांच में ठोस साक्ष्य नहीं मिलने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला हत्या का राज
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर जांच तेज की। संदेह गहराने पर माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी माता-पिता गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने गुरुवार को आरोपी पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने नाबालिग बच्चों के साथ पारिवारिक व्यवहार और मोबाइल इस्तेमाल को लेकर बढ़ते विवादों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Live Cricket Info