शराब घोटाले मामले में धमतरी में ED की रेड:अपर कलेक्टर के पति नवीन प्रताप सिंह तोमर से पूछताछ

धमतरी – छत्तीसगढ़ शराब घोटाले को लेकर ED की टीम ने शुक्रवार को धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह देवहारी के बंगले पर दबिश दी। टीम सुबह करीब 6 बजे दो गाड़ियों में प्रशासनिक कॉलोनी पहुंची थी। बंगला नंबर E-3 में पिछले करीब 10 घंटे से जांच और पूछताछ चल रही है। टीम उनके पति नवीन प्रताप सिंह तोमर से भी पूछताछ कर रही है। नवीन प्रताप सिंह तोमर पहले डिप्टी कमिश्नर रह चुके हैं। इनपुट के मुताबिक, उनका नाम छत्तीसगढ़ आबकारी घोटाले के आरोपियों में शामिल है।
ईडी ने अपर कलेक्टर के बंगले पर दी दबिश
जानकारी के मुताबिक, रुद्री थाना क्षेत्र की प्रशासनिक कॉलोनी में कई प्रशासनिक अधिकारी रहते हैं। इसी कॉलोनी में अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह देवहारी का बंगला है। ईडी की टीम दो गाड़ियों में प्रशासनिक कॉलोनी पहुंची। इसमें वर्दीधारी जवानों समेत 10 सदस्य हैं। बंगले के बाहर सुरक्षा बल तैनात है और दरवाजा बंद कर दिया गया है। किसी को अंदर आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। टीम सुबह से ही घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान को भी टीम ने अपने कब्जे में लिया है। इसके बाद परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। ED की यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है।
हालांकि, कार्रवाई और जांच में मिले सामान को लेकर ED की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल ED की टीम की जांच और पूछताछ जारी है।

