राज्य समाचार

13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर आमरण अनशन पर बैठी भाजपा पार्षद, करोड़ों की सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप

Spread the love

बेमेतरा ।   छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला गरमा गया है। यहां वार्ड क्रमांक 08 की भाजपा पार्षद चांदनी रोशन दत्ता अपनी महज 13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ गई हैं। पार्षद ने नेशनल हाईवे-30 से लगी करोड़ों रुपये की बेशकीमती शासकीय जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में दो बार नगर पालिका में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पार्षद ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकारी जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।

दरअसल, बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 की पार्षद चांदनी रोशन दत्ता ने दौलत राजपूत, नीरज चांडक और अवधेश विश्वकर्मा पर नेशनल हाईवे-30 से लगी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। पार्षद के मुताबिक, सड़क से लगी इस जमीन की कीमत करोड़ों रुपये है। उन्होंने दावा किया है कि जमीन के शासकीय होने से संबंधित दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

पार्षद का कहना है कि उन्होंने शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के मामले में पहले भी दो बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की थी। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर उन्होंने नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। इस दौरान वह अपनी 13 दिन की नवजात बच्ची को भी साथ लेकर बैठी हैं।

 

उन्होंने मांग की है कि नेशनल हाईवे-30 से लगी शासकीय जमीन पर किए गए अवैध निर्माण और बनाई गई दीवारों को तत्काल हटाया जाए। पार्षद ने चेतावनी दी है कि जब तक अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

इस पूरे मामले में फिलहाल नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि ठंड के मौसम में 13 दिन की नवजात बच्ची के साथ आमरण अनशन पर बैठी पार्षद के मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और अतिक्रमण के आरोपों पर कब तक कार्रवाई होती है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button