वाह आयुक्त महोदय! रील बनायें विडियो जारी किया…. फाइलें मौन, सवाल “भ्रामक”—क्या कोरबा निगम में अब प्रेस नोट ही प्रमाण, जांच और फैसला है? महोदय सुशासन का तो ध्यान रखें…

बुधवारी बाजार से पौध खरीदी, सभागार, HIG-30, प्रतिमा, राखड़ भराव, डिवाइडर, बेडशीट, नाला, सफाई वेतन, ब्लैकलिस्टिंग, कथित निजी भुगतान और 30% कमीशन तक—ग्राम यात्रा ने खोली पूरी प्रश्नावली; कहा: एक शब्द की ढाल छोड़िए, 41 सवालों का दस्तावेजी जवाब दीजिए
कोरबा | ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क विशेष खोजी समाचार एवं सार्वजनिक जवाबदेही-पत्र | 24 नवंबर 2026 कोरबा नगर निगम में जवाबदेही का शायद नया प्रशासनिक मंत्र तैयार हो गया है—गरीब आवाज उठाए तो कार्रवाई, व्यापारी विरोध करे तो चालान, ठेकेदार शिकायत करे तो नोटिस और ब्लैकलिस्टिंग; पत्रकार दस्तावेज दिखाए तो पूरी खबर “भ्रामक”! वाह आयुक्त महोदय! क्या अद्भुत व्यवस्था है—फाइल खोलने की जरूरत नहीं, बस खबर पर एक सरकारी विशेषण चिपका दीजिए और समझिए सारे सवाल गायब! लेकिन जनाब, “भ्रामक” कह देने से GeM की निविदा संख्या नहीं मिटती। शिकायत की आवक गायब नहीं होती। संभागायुक्त कार्यालय का ज्ञापन हवा नहीं हो जाता। बैंक लेन-देन का कथित रिकॉर्ड प्रेस नोट देखकर भाग नहीं जाता। सड़क पर खड़े निगम वाहन, धरने पर बैठी महापौर, तीन माह के वेतन के लिए काम रोकने वाले सफाई कर्मचारी और टूटे नाले की GPS तस्वीरें भी किसी बयान से अदृश्य नहीं होतीं।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के प्रसारित वीडियो-बयान में ग्राम यात्रा की खबरों को कथित रूप से “भ्रामक” बताए जाने के बाद अब ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क एक-दो नहीं, अब तक उठाए गए प्रत्येक प्रमुख मामले को क्रमवार जनता की अदालत में रख रहा है। यह किसी व्यक्ति से निजी दुश्मनी नहीं। यह जनता के पैसे, गरीब की आजीविका, सरकारी ठेकों, पर्यावरण, भवन अनुमति और प्रशासनिक निष्पक्षता का सवाल है। हम फिर कहते हैं—किसी आरोप को जांच से पहले सिद्ध तथ्य नहीं माना जा सकता। लेकिन शिकायत, दस्तावेज और वीडियो की जांच किए बिना उन्हें “भ्रामक” घोषित करना भी निष्पक्ष प्रशासन नहीं कहलाता। पहले पांच आसान सवाल—फिर 17 प्रकरणों का हिसाब
आयुक्त और नगर निगम सार्वजनिक रूप से बताएं:
1. ग्राम यात्रा की किस तारीख की कौन-सी खबर गलत है?
2. उसका कौन-सा वाक्य तथ्यात्मक रूप से असत्य है?
3. उसके स्थान पर निगम का सही तथ्य क्या है?
4. सही तथ्य का मूल सरकारी दस्तावेज कौन-सा है?
5. किस सक्षम अधिकारी ने उस दस्तावेज और खंडन को प्रमाणित किया है? यदि इन पांच प्रश्नों का उत्तर नहीं है, तो “भ्रामक” शब्द तथ्यात्मक खंडन नहीं—असुविधाजनक सवालों पर सरकारी पर्दा दिखाई देता है।
प्रकरण 1: बुधवारी बाजार—गरीब की टोकरी अतिक्रमण, निगम का भारी वाहन व्यवस्था?
बुधवारी बाजार में सूपा, झाड़ू, दउरा, टोकरी, दीया-बाती और पूजा सामग्री बेचकर परिवार पालने वाले छोटे विक्रेताओं की जगह निगम के टैंकर, ट्रक और भारी वाहन खड़े दिखाई दिए। उपलब्ध वीडियो और समाचार रिपोर्टों में कार्रवाई को आयुक्त के निर्देश से जोड़े जाने का दावा सामने आया। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत मौके पर पहुंचीं और सांकेतिक धरने पर बैठीं। बाद में वाहन हटाए गए।
अब निगम बताए:
– वाहन खड़े कराने का लिखित आदेश किसने दिया?
– वहां कुल कितने वाहन और किन पंजीयन नंबरों के थे?
– क्या उनमें जलापूर्ति, सफाई अथवा अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन शामिल थे?
– दो दिन तक उन सेवाओं का वैकल्पिक प्रबंध क्या था?
– स्थान विधिवत नो-पार्किंग था तो निगम को पार्किंग की अनुमति किसने दी?
– वाहन लॉगबुक, GPS, ईंधन प्रविष्टि और ड्यूटी चार्ट कहां हैं?
– महापौर के निर्देश के बाद भी वाहन तत्काल क्यों नहीं हटे?
– मंत्री और कलेक्टर के हस्तक्षेप संबंधी प्रकाशित विवरण गलत हैं तो वास्तविक घटनाक्रम जारी क्यों नहीं किया गया? गरीब की दो फुट की दुकान से सड़क बाधित और निगम के भारी वाहन से रास्ता सुगम—यह कौन-सा प्रशासनिक गणित है? Street Vendors Act, 2014 के तहत सर्वे, टाउन वेंडिंग कमेटी, नोटिस, नो-वेंडिंग घोषणा और वैकल्पिक स्थान का रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए।
प्रकरण 2: GeM पौध खरीदी—निविदा सरकारी पोर्टल पर, फिर सवाल भ्रामक कैसे?
नगर निगम से संबंधित दो GeM निविदाओं के नंबर रिकॉर्ड पर हैं:
– GEM/2026/B/7982716—3,070 पौधों से संबंधित;
– GEM/2026/B/7983233—220 फलदार पौधों से संबंधित। अलग रिकॉर्ड में 650 पौधों से संबंधित सड़क-वृक्षारोपण निविदा भी सामने आई। 8 सितंबर की उपलब्ध डिलीवरी स्लिप पर कथित रूप से “Umesh Sir” लिखे होने का प्रश्न उठाया गया।
निगम बताए:
– मांग-पत्र और प्रशासकीय स्वीकृति किसने जारी की?
– पौधों की प्रजाति, आयु, ऊंचाई, बैग आकार और गुणवत्ता मानक क्या थे?
– तकनीकी मूल्यांकन और तुलनात्मक विवरण कहां है?
– सफल विक्रेता कौन था और कुल अनुबंध मूल्य कितना था?
– OEM प्राधिकरण, टर्नओवर और Class-I स्थानीय आपूर्तिकर्ता की शर्तों का परीक्षण कैसे हुआ?
– निरीक्षण आवश्यक क्यों रखा गया अथवा क्यों नहीं?
– डिलीवरी केवल साकेत भवन तक दर्ज हुई या स्थलवार प्राप्ति भी हुई?
– बिल, ई-वे बिल, गेट एंट्री, स्टॉक और फील्ड इश्यू रजिस्टर कहां हैं?
– पौधों की जीवितता और प्रतिस्थापन रिपोर्ट कहां है?
– “Umesh Sir” कौन थे और उनकी आधिकारिक भूमिका क्या थी? पौधे लगाए गए या सवालों को गमले में दबा दिया गया—फाइल खोलने पर ही पता चलेगा।
प्रकरण 3: नेहरू सभागार और लैंडस्केपिंग—काम कई, एकीकृत हिसाब गायब क्यों?
नेहरू सभागार से जुड़े अपग्रेडेशन, फर्नीचर, साउंड सिस्टम, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, लैंडस्केपिंग, हाईमास्ट, जनरेटर, संचालन-संधारण और CCTV जैसे अनेक कार्यों के अलग-अलग रिकॉर्ड सामने आए हैं। आधिकारिक सामग्री में लगभग ₹2.19 करोड़ के दो प्रमुख घटकों का उल्लेख भी मिला।
निगम बताए:
– मूल स्वीकृति और वित्तीय मद क्या थी?
– पुराने और नए कार्यों के दायरे में दोहराव तो नहीं हुआ?
– मूल तथा संशोधित BOQ कहां हैं?
– निविदाकारों की सूची, तुलनात्मक विवरण, स्वीकृति और अनुबंध कहां हैं?
– माप-पुस्तिका, पूर्णता प्रमाणपत्र, गुणवत्ता रिपोर्ट और अंतिम भुगतान क्या है?
– पूरे सभागार प्रकल्प का समेकित लेजर सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?
सभागार चमक गया तो अच्छी बात है; लेकिन हिसाब की फाइल पर अंधेरा क्यों है? प्रकरण 4: HIG-30—अनुमति का सक्षम आदेश कहां है?
पंडित रविशंकर शुक्ल नगर के HIG-30 से संबंधित प्रकरण क्रमांक 2863 में भवन अनुज्ञा की वैधता पर दस्तावेजी प्रश्न उठाया गया है। शिकायत आवक क्रमांक 2848, दिनांक 15 सितंबर 2026 के साथ दर्ज हुई। ज्ञापन क्रमांक GENS/62501/शिकायत/2026 पर उपायुक्त विकास, बिलासपुर संभाग हरिशंकर चौहान के 6 अक्टूबर 2026 के डिजिटल हस्ताक्षर दर्ज बताए गए हैं। आवेदन कलेक्टर कोरबा को नियमानुसार कार्रवाई और शिकायतकर्ता को परिणाम बताने के लिए भेजा गया। यह ज्ञापन अपने-आप किसी अनुमति को अवैध घोषित नहीं करता, लेकिन जांच की जरूरत को प्रशासनिक रिकॉर्ड पर अवश्य लाता है।
अब जवाब चाहिए:
– जिला नियमितीकरण प्राधिकारी का विधिवत आदेश कहां है?
– जारी भवन अनुज्ञा किस आदेश और नोटशीट पर आधारित है?
– नियमितीकरण आदेश, स्वीकृत नक्शे और भवन अनुमति में समानता है या नहीं?
– आवेदन की जांच, अनुशंसा और अंतिम अनुमति किन अधिकारियों ने की?
– ई-फाइल, डिजिटल स्वीकृति और ऑडिट ट्रेल सुरक्षित हैं या नहीं?
– कलेक्टर कार्यालय ने शिकायत पर किस अधिकारी को जांच सौंपी?
– कार्रवाई की कारणयुक्त रिपोर्ट शिकायतकर्ता को कब दी जाएगी? अनुमति सही है तो दस्तावेज उसका कवच होंगे; दस्तावेज नहीं हैं तो “भ्रामक” शब्द किस काम का?
प्रकरण 5: हर काम की रील में चेहरा—जवाबदेही की रील कब आएगी?
नगर निगम के कार्य जनता के कर, शासन की योजनाओं, निर्वाचित परिषद, MIC, अभियंताओं, कर्मचारियों और ठेकेदार एजेंसियों के सामूहिक प्रयास से होते हैं। फिर प्रचारात्मक रीलों में पूरा श्रेय एक अधिकारी के इर्द-गिर्द क्यों दिखाई देता है?
निगम बताए:
– रील किसने बनाई और किसने स्वीकृत की?
– शूटिंग, संपादन, ड्रोन, सोशल मीडिया प्रबंधन और प्रचार पर कितना खर्च हुआ?
– भुगतान किस मद से हुआ?
– रील निगम के आधिकारिक खाते से प्रसारित हुई या निजी खाते से?
– महापौर, MIC, पार्षदों और संबंधित कर्मचारियों को उचित श्रेय क्यों मिला या क्यों नहीं?
नगर निगम जनसेवा का संस्थान है या किसी अधिकारी की व्यक्तिगत प्रचार एजेंसी?
प्रकरण 6: कथित ठेकेदार उमेश राठौर के साथ वीडियो—संबंध निजी था या काम भी लंबित थे?
सोशल मीडिया पर प्रसारित दृश्यों को लेकर आयुक्त और कथित ठेकेदार उमेश राठौर के बीच निजी निकटता के आरोप और सार्वजनिक प्रश्न सामने आए। किसी ठेकेदार के साथ सामाजिक परिचय अपने-आप भ्रष्टाचार सिद्ध नहीं करता। लेकिन यदि उसी व्यक्ति का नाम निगम कार्यों, पौध आपूर्ति, निरीक्षण या भुगतान की चर्चाओं में बार-बार आए, तो हित-संघर्ष की जांच आवश्यक हो जाती है।
आयुक्त स्पष्ट करें:
– वीडियो असली है, संपादित है या गलत संदर्भ में प्रसारित हुआ?
– तारीख और स्थान क्या है?
– कार्यक्रम निजी था या आधिकारिक?
– वाहन, यात्रा, भोजन और आयोजन का खर्च किसने उठाया?
– उस समय संबंधित व्यक्ति या फर्म के कौन-से कार्य, विस्तार और भुगतान निगम में लंबित थे?
– आयुक्त की निविदा, निरीक्षण या भुगतान निर्णय में क्या भूमिका थी? वीडियो गलत है तो फोरेंसिक जांच कराइए; सही है तो संबंध और लंबित ठेकों का खुलासा कीजिए। मौन निष्पक्षता का प्रमाण नहीं होता।
प्रकरण 7: सुभाष चौक की प्रतिमा—महापुरुष कौन, मंजूरी किसकी, खर्च कितना?
सुभाष चौक पर स्थापित प्रतिमा की आधिकारिक पहचान, स्वीकृति, डिजाइन, नामपट्ट और खर्च पर प्रश्न उठाए गए।
निगम बताए:
– प्रतिमा किस महापुरुष की है?
– सामान्य सभा, MIC अथवा सक्षम अधिकारी की मंजूरी कब मिली?
– स्वीकृत मॉडल और नामपट्ट क्या था?
– प्रतिमा, परिवहन, पेडेस्टल और सौंदर्यीकरण पर कुल कितना खर्च हुआ?
– कार्य किस एजेंसी या कलाकार को दिया गया?
– भुगतान, पूर्णता प्रमाणपत्र और संपत्ति रजिस्टर की प्रविष्टि कहां है? महापुरुष का सम्मान भाषण से नहीं, सही पहचान और पारदर्शी रिकॉर्ड से होता है।
प्रकरण 8: बरबसपुर राखड़ भराव—अनुमति मिल गई तो निगरानी छुट्टी पर चली गई?
बरबसपुर क्षेत्र में राखड़ भराव की सहमति, परिवहन, मात्रा और पर्यावरणीय निगरानी को लेकर प्रश्न उठाए गए। अनुमति होना अंतिम जवाब नहीं; उसकी शर्तों का पालन भी दिखाना होगा।
निगम और संबंधित विभाग बताएं:
– सहमति अथवा NOC किस आधार पर जारी हुई?
– राखड़ का स्रोत, स्वीकृत मात्रा और परिवहन एजेंसी कौन थी?
– दिनवार परिवहन रिकॉर्ड, तौल पर्ची और GPS विवरण कहां हैं?
– स्थल की जियो-टैग निरीक्षण रिपोर्ट कहां है?
– नमूना जांच और पर्यावरणीय निगरानी कब हुई?
– क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर और निगम इंजीनियर पियूष राजपूत की फाइलगत भूमिका क्या थी? राखड़ जमीन पर भरी गई या जवाबदेही पर—दस्तावेज बताएंगे।
प्रकरण 9: डिवाइडर छोटा, मिट्टी-खाद का हिसाब लंबा?
डिवाइडर कार्य में उपलब्ध मापों के अनुसार वास्तविक डिवाइडर की लंबाई और मिट्टी-गोबर खाद से संबंधित मात्राओं में कथित असंगति का सवाल उठा। उपलब्ध रिकॉर्ड में लगभग 190 मीटर डिवाइडर के मुकाबले 4,420 मीटर जैसी मात्रा दर्ज होने का आरोप सामने आया।
निगम जारी करे:
– स्वीकृत साइट प्लान और चेनज;
– BOQ की इकाई और मात्रा;
– माप-पुस्तिका;
– मिट्टी तथा खाद की स्थलवार आपूर्ति;
– निरीक्षण और भुगतान प्रमाणपत्र।
माप का जवाब माप-पुस्तिका देगी—मीडिया को नापने से गणित ठीक नहीं होगा।
प्रकरण 10: लगभग ₹20 लाख की बेडशीट निविदा—पांच बाहर, फिर निविदा निरस्त क्यों?
बेडशीट खरीदी की निविदा में पांच प्रतिभागियों के अयोग्य होने और बाद में प्रक्रिया निरस्त होने की जानकारी सामने आई। निविदा निरस्त होना अपने-आप घोटाले का प्रमाण नहीं, लेकिन मूल्यांकन रिकॉर्ड मांगना बिल्कुल वैध है।
जवाब चाहिए:
– कितने निविदाकार आए?
– किसे किस कारण अयोग्य किया गया?
– तकनीकी समिति में कौन-कौन थे?
– नमूना परीक्षण कैसे हुआ?
– निविदा निरस्त करने का कारणयुक्त आदेश कहां है?
– नई खरीद हुई तो किस दर और किस प्रक्रिया से? प्रतिस्पर्धा बाहर और फाइल भीतर—पारदर्शिता आखिर कहां है?
प्रकरण 11: सफाई कर्मचारियों का तीन माह का वेतन—काम रोज, भुगतान गायब क्यों?
करीब 80 सफाई कर्मचारियों ने पांच वार्डों में तीन माह का वेतन लंबित होने के कारण काम रोकने की स्थिति बनाई। खबर प्रकाशित होने और मामला उठने के बाद भुगतान होने की जानकारी सामने आई।
निगम बताए:
– वेतन किस तारीख से लंबित था?
– ठेकेदार ने उपस्थिति और वेतन बिल कब जमा किया?
– सत्यापन किस अधिकारी ने किया?
– भुगतान किस स्तर पर रोका गया?
– कर्मचारियों को विलंब का मुआवजा या ब्याज मिला?
– जिम्मेदारी किसकी तय हुई? जिस शहर का कचरा ये हाथ उठाते हैं, उन्हीं हाथों को तीन महीने खाली रखना कौन-सा सुशासन है? बाद में भुगतान कर देना पहले की पीड़ा को फर्जी नहीं बनाता।
प्रकरण 12: कोरबा ग्रीन नर्सरी—पहले काम, फिर दो साल का प्रतिबंध?
कोरबा ग्रीन नर्सरी के विरुद्ध ठेका निरस्तीकरण, अमानत राशि, वसूली और दो वर्ष के निविदा प्रतिबंध का आदेश विवाद में है। फर्म का दावा है कि मूल कार्य पूरा हुआ और MIC की सहमति से अतिरिक्त अवधि में काम कराया गया।
निगम बताए:
– नोटिस में ब्लैकलिस्टिंग का स्पष्ट प्रस्ताव था या नहीं?
– प्रभावी सुनवाई कब और किसके सामने हुई?
– MIC के विस्तार और आयुक्त के आदेश का कानूनी सामंजस्य क्या है?
– दो वर्ष की अवधि किस कारण निर्धारित हुई?
– वसूली और राजसात की गणना कैसे हुई?
– आयुक्त को यह आदेश जारी करने की स्पष्ट अधिकारिता या प्रत्यायोजन कहां से मिला? काम लेते समय ठेकेदार योग्य और विवाद उठते ही अयोग्य—यह प्रशासन है या सुविधानुसार बदलता हुआ नियम-पुस्तक?
प्रकरण 13: कथित निजी कर्मचारी और ठेकेदार से वेतन—बैंक ट्रेल की जांच क्यों नहीं?
आयुक्त के कोरबा और रायपुर स्थित आवासों पर कथित रूप से चार-चार निजी कर्मचारियों का वेतन एक ठेकेदार द्वारा दिए जाने का आरोप सामने आया। बैंक लेन-देन उपलब्ध होने का दावा किया गया।
यह आरोप अभी स्वतंत्र सत्यापन का विषय है। लेकिन जवाब आवश्यक है:
– कर्मचारी किसने नियुक्त किए?
– उनका वेतन किस खाते से आया?
– ठेकेदार ने भुगतान किया तो किस वैधानिक संबंध के तहत?
– भुगतान के समय उस ठेकेदार के कौन-से कार्य अथवा बिल लंबित थे?
– बैंक रिकॉर्ड की स्वतंत्र जांच क्यों न हो? घर का कर्मचारी निजी हो सकता है; नगर निगम के ठेकेदार से कथित भुगतान निजी मामला नहीं रह जाता।
प्रकरण 14: कथित 30% कमीशन—सफाई का पैसा या प्रतिशत की परिक्रमा?
शिकायतों में जोन सेनेटरी इंस्पेक्टर स्तर पर कथित 3 प्रतिशत, एग्रीमेंट अथवा कार्य प्रारंभ करने के समय 6 प्रतिशत और बिल भुगतान के चरणों में अलग-अलग कटौती मिलाकर लगभग 30 प्रतिशत तक की कथित मांग का आरोप लगाया गया। ये आरोप प्रमाणित निष्कर्ष नहीं हैं। इनकी स्वतंत्र जांच जरूरी है।
निगम बताए:
– शिकायत किस अधिकारी को जांच के लिए दी गई?
– एग्रीमेंट, बिल, चेक और भुगतान रिकॉर्ड सुरक्षित किए गए?
– संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के बयान लिए गए?
– बैंक और डिजिटल लेन-देन की जांच होगी?
– शिकायत के बाद संबंधित ठेकेदार को नोटिस अथवा प्रतिबंध क्यों मिला? यदि सफाई के पैसे में कथित कमीशन की परतें जम रही हैं तो शहर का कचरा कौन साफ करेगा—झाड़ू या जांच एजेंसी?
प्रकरण 15: छोटे व्यापारियों पर ₹2,000 का दंड—नियम सब पर समान था?
पावरहाउस रोड में नवीन इलेक्ट्रिकल, अग्रवाल स्टोर और मोती ब्रदर्स पर निर्माणाधीन सड़क में पानी डालने के आरोप में ₹2,000-₹2,000 की कार्रवाई सामने आई।
निगम बताए:
– चालान किस कानूनी प्रावधान में किया गया?
– नोटिस और सुनवाई दी गई या मौके पर दंड लगा?
– निरीक्षण रिपोर्ट और रसीद कहां है?
– समान कार्य करने वाले सभी लोगों पर कार्रवाई हुई?
– सड़क निर्माण एजेंसी की पानी डालने और क्योरिंग की जिम्मेदारी क्या थी? व्यापारी पर दो हजार का डंडा तुरंत, लेकिन करोड़ों के ठेकों की फाइल पर जवाब महीनों बाद भी नहीं—नियम की नजर इतनी चयनात्मक क्यों है?
प्रकरण 16: वार्ड 14 का नाला—ढांचा ढहा, जिम्मेदारी किसकी?
शारदा विहार-अमरैयापारा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त नाले के GPS-संलग्न फोटो सामने आए। गुणवत्ताहीन निर्माण के आरोप लगे और जांच की बात कही गई। उसी क्षेत्र से जुड़ी नाला तथा CC रोड की नई निविदा की अनुमानित राशि ₹88 लाख दिखाई देती है।
निगम सार्वजनिक करे:
– पुराने क्षतिग्रस्त कार्य का मूल कार्यादेश;
– ठेकेदार और अनुबंध राशि;
– माप-पुस्तिका और गुणवत्ता परीक्षण;
– पूर्णता और अंतिम भुगतान की तारीख;
– दोष-दायित्व अवधि;
– ढहने की निरीक्षण रिपोर्ट;
– जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार पर कार्रवाई;
– नई ₹88 लाख निविदा का अलग अवॉर्ड।
नई निविदा का ठेकेदार पुराने निर्माण का ठेकेदार अपने-आप सिद्ध नहीं होता। इसलिए अनुमान नहीं, मूल रिकॉर्ड चाहिए। नाला ढहा या गुणवत्ता की पोल खुली—इसका जवाब प्रेस नोट नहीं, माप-पुस्तिका देगी।
प्रकरण 17: महिला विक्रेता से विवाद—“आयुक्त के निर्देश” वाली आवाज की जांच कब?
वायरल वीडियो में निगम कार्रवाई के दौरान महिला विक्रेता और कर्मचारियों के बीच विवाद या झूमाझटकी का दावा सामने आया। एक कर्मचारी द्वारा कार्रवाई को “आयुक्त के निर्देश” से जोड़ने वाली बात भी चर्चा में रही।
निगम को चाहिए:
– मूल CCTV और मोबाइल वीडियो सुरक्षित करे;
– ड्यूटी आदेश और उपस्थित कर्मचारियों की सूची जारी करे;
– दोनों पक्षों की शिकायत तथा चिकित्सा साक्ष्य जांचे;
– महिला विक्रेता और कर्मचारियों के बयान स्वतंत्र अधिकारी से दर्ज कराए;
– संपादित क्लिप के बजाय पूरी समयरेखा सार्वजनिक करे।
वीडियो झूठा है तो फोरेंसिक जांच कराइए; सही है तो जिम्मेदारी तय कीजिए। “भ्रामक” कह देना न महिला की शिकायत का उत्तर है, न कर्मचारी के कथन का। शासन तक शिकायत पहुंची—अब कार्रवाई का हिसाब भी चाहिए उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार 28 अक्टूबर 2026 को मुख्य सचिव स्तर पर आयुक्त की कार्यशैली, खरीद, भुगतान, कथित चुनिंदा लाभ और पारदर्शिता से संबंधित शिकायत भेजी गई तथा 3 नवंबर को स्मरण-पत्र दिया गया। जनशिकायत पोर्टल पर PMOPG/D/2026/0209452 सहित पंजीयन विवरण सुरक्षित बताया गया है। शिकायत का पंजीयन आरोपों की सत्यता की सरकारी पुष्टि नहीं है। लेकिन यह शिकायत प्राप्त होने का प्रमाण अवश्य है। इसलिए शासन बताए:
– जांच किस स्वतंत्र वरिष्ठ अधिकारी या समिति को सौंपी गई?
– कौन-कौन से रिकॉर्ड सुरक्षित किए गए?
– संबंधित अधिकारियों के बयान कब दर्ज होंगे?
– शिकायतकर्ता को विषयवार कारणयुक्त रिपोर्ट कब मिलेगी?
– जांच लंबित रहते शिकायतकर्ता और मीडिया के विरुद्ध प्रतिशोधात्मक कार्रवाई रोकने के क्या निर्देश दिए गए?
आयुक्त महोदय के सामने ग्राम यात्रा के 41 निर्णायक सवाल
1. कौन-सी खबर “भ्रामक” है—तारीख और शीर्षक बताइए।
2. उसका कौन-सा सटीक वाक्य गलत है?
3. सही तथ्य का मूल सरकारी प्रमाण क्या है?
4. दोनों GeM पौध निविदाओं की अवॉर्ड और भुगतान फाइल कहां है?
5. “Umesh Sir” डिलीवरी नोटिंग का आधिकारिक अर्थ क्या है?
6. पौध निरीक्षण और जीवितता रिपोर्ट कहां है?
7. सभागार-लैंडस्केपिंग का समेकित लेजर सार्वजनिक क्यों नहीं?
8. HIG-30 प्रकरण 2863 में सक्षम नियमितीकरण आदेश कहां है?
9. आवक 2848 और ज्ञापन GENS/62501/शिकायत/2026 पर क्या कार्रवाई हुई?
10. HIG-30 की जांच, अनुशंसा और अंतिम अनुमति किन अधिकारियों ने दी?
11. ई-फाइल, नोटशीट और डिजिटल ऑडिट ट्रेल सुरक्षित हैं?
12. सुभाष चौक प्रतिमा की आधिकारिक पहचान क्या है?
13. प्रतिमा, पेडेस्टल और सौंदर्यीकरण पर कुल खर्च कितना हुआ?
14. उसका कार्यादेश, भुगतान और संपत्ति रजिस्टर कहां है?
15. रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है?
16. बरबसपुर राखड़ भराव की अनुमति किन शर्तों पर जारी हुई?
17. स्रोत, मात्रा, परिवहनकर्ता और दिनवार रिकॉर्ड क्या है?
18. जियो-टैग निरीक्षण और पर्यावरणीय रिपोर्ट कहां हैं?
19. संबंधित अधिकारियों की फाइलगत भूमिका क्या थी?
20. निगम की प्रचारात्मक रील किस स्वीकृति से बनी?
21. प्रचार पर कितना सार्वजनिक धन खर्च हुआ?
22. उमेश राठौर के साथ वायरल वीडियो की तारीख और संदर्भ क्या है?
23. खर्च किसने उठाया और उस समय कौन-से कार्य लंबित थे?
24. डिवाइडर का साइट प्लान, चेनज और MB कहां है?
25. बेडशीट निविदा में प्रतिभागियों को बाहर करने के कारण क्या थे?
26. सफाई कर्मचारियों का वेतन तीन माह क्यों रुका?
27. कोरबा ग्रीन नर्सरी को प्रभावी सुनवाई कब मिली?
28. MIC विस्तार और आयुक्त के आदेश का कानूनी सामंजस्य क्या है?
29. दो वर्ष का प्रतिबंध किस तर्क पर तय हुआ?
30. कथित निजी कर्मचारियों के भुगतान की स्वतंत्र जांच होगी?
31. कथित कमीशन की जांच किस अधिकारी को दी गई?
32. व्यापारियों पर दंड का वैधानिक प्रावधान क्या था?
33. बुधवारी बाजार में वाहन खड़े कराने का लिखित आदेश किसका था?
34. आवश्यक सेवाओं से जुड़े कितने वाहन वहां खड़े थे?
35. नो-पार्किंग अधिसूचना और पार्किंग अनुमति कहां है?
36. टाउन वेंडिंग कमेटी का निर्णय क्या था?
37. मंत्री-कलेक्टर हस्तक्षेप की खबर गलत है तो सही घटनाक्रम क्या है?
38. महिला विक्रेता विवाद का पूरा वीडियो और जांच रिपोर्ट कहां है?
39. वार्ड 14 के पुराने नाले का ठेकेदार और कार्यादेश कौन-सा है?
40. “भ्रामक” प्रेस नोट के साथ पूरी फाइलें क्यों जारी नहीं की गईं?
41. क्या आयुक्त इन सभी मामलों की सार्वजनिक दस्तावेजी जांच के लिए तैयार हैं?
ग्राम यात्रा की खुली चुनौती—फाइल बनाम फाइल, कैमरे के सामने फैसला
मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, नगरीय प्रशासन विभाग, संभागायुक्त, कलेक्टर कोरबा, महापौर और मेयर-इन-काउंसिल एक स्वतंत्र सार्वजनिक दस्तावेजी सुनवाई कराएं। नगर निगम अपनी मूल फाइलें रखे। ग्राम यात्रा अपनी खबरें, शिकायतें, फोटो और वीडियो रखे। ठेकेदार, कर्मचारी, व्यापारी और अधिकारी अपना पक्ष रखें। तकनीकी, लेखा और विधि विशेषज्ञ प्रत्येक विषय की जांच करें। पूरी कार्यवाही रिकॉर्ड हो और हर प्रकरण पर अलग कारणयुक्त निष्कर्ष जारी किया जाए।
ग्राम यात्रा की कोई तथ्यात्मक त्रुटि निकलेगी तो हम उसे उसी प्रमुखता से सुधारेंगे। लेकिन यदि दस्तावेज हमारे सवालों की पुष्टि करते हैं तो निगम भी “भ्रामक” वाला आरोप उसी प्रमुखता से वापस ले और जिम्मेदारी तय करे।
अंतिम जवाब—आईना जहरीला नहीं, तस्वीर असुविधाजनक है आयुक्त महोदय, खबर आईना है। आईने में दाग दिखाई दे तो आईना तोड़ देने से चेहरा साफ नहीं होता।
“भ्रामक” शब्द की चादर इतनी बड़ी नहीं कि उसके नीचे पौध खरीदी, HIG-30, प्रतिमा, राखड़, डिवाइडर, बेडशीट, सभागार, नाला, बाजार, लंबित वेतन, ब्लैकलिस्टिंग, कथित निजी भुगतान और 30 प्रतिशत कमीशन के सारे सवाल छिप जाएं।
जनता को विशेषण नहीं, दस्तावेज चाहिए।
प्रचार नहीं, पारदर्शिता चाहिए।
धमकी नहीं, निष्पक्ष जांच चाहिए।
सरकारी प्रेस नोट नहीं, कारणयुक्त उत्तर चाहिए।
गलत वाक्य दिखाइए—ग्राम यात्रा सुधार करेगा।
लेकिन गलत वाक्य नहीं बता सकते तो पूरे समाचार संस्थान को “भ्रामक” कहकर जनता की आंखों में धूल झोंकना बंद कीजिए। यह आयुक्त और पत्रकार की व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। यह जनता के धन, गरीब की आजीविका, सरकारी पद की मर्यादा और लोकतंत्र में सवाल पूछने के अधिकार का मामला है। फाइलें खोलिए। आदेश दिखाइए। भुगतान बताइए। जांच कराइए।
सवाल रिकॉर्ड पर हैं—अब जवाब भी रिकॉर्ड पर देना होगा।
नगर निगम, आयुक्त आशुतोष पांडेय तथा खबर में उल्लिखित प्रत्येक अधिकारी, ठेकेदार और संस्था का प्रमाण-आधारित पक्ष आमंत्रित है। उत्तर प्राप्त होने पर उसे उचित प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Live Cricket Info