बालाघाट के खेत में पैरे के नीचे छिपाई गई 4 करोड़ से ज्यादा की नकदी, तीन बोरियां बरामद

पैरे के ढेर के नीचे छिपाई थी नकदी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब चार दिन पहले तीन बोरियों में नकदी भरकर अपने परिचित के खेत में छिपाई थी। बोरियों को पैरे के ढेर के नीचे रखा गया था, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। आरोपी की निशानदेही पर नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली और तीनों बोरियां बरामद कर लीं।
नागपुर क्राइम ब्रांच कर रही नकदी की गिनती
फिलहाल ग्राम पंचायत डोरली में बरामद नकदी की गिनती की जा रही है। शुरुआती जानकारी में रकम चार करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है। हालांकि, नकदी की अंतिम राशि गिनती पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जा रही है और स्थानीय पुलिस मौके पर सहयोग कर रही है।
लूट की रकम बालाघाट कैसे पहुंची, जांच जारी
नागपुर में हुई लूट की रकम बालाघाट के खेत तक कैसे पहुंची, आरोपी ने किस परिचित के यहां नकदी छिपाई थी और वारदात में अन्य कौन-कौन शामिल हैं, इन सवालों की जांच की जा रही है। पुलिस की विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही पूरे नेटवर्क तथा बरामद रकम से जुड़ी जानकारी सामने आ सकेगी।
Live Cricket Info

