पसान रेंज में साल के पेड़ों की कटाई पर बवाल, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप; DFO ने दिए जांच के आदेश

कोरबा। कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत आने वाले पसान रेंज में साल प्रजाति के पेड़ों की कथित अवैध कटाई को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने वन विभाग के कुछ कर्मचारियों पर मामले में संरक्षण देने का आरोप लगाया है। घटना सामने आने के बाद वन विभाग में भी हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार, चंदोटी क्षेत्र के शीतल डबरी वन क्षेत्र में बड़ी संख्या में साल के पेड़ों की कटाई किए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि कटे हुए पेड़ों की लकड़ी को बाहर भेजा गया है। मामले की शिकायत वन विभाग के अधिकारियों से भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उनकी निजी और काबिज भूमि से भी पेड़ों की कटाई की गई है। कई ग्रामीणों ने तहसीलदार और वन विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
इधर, कटघोरा वन मंडल D F O निशांत कुमार ने कहा है कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और एक वीडियो भी सामने आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी तथा यदि किसी की भूमिका पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। मामले की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Live Cricket Info
