7 फरवरी को बस्तर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लालबाग मैदान में बस्तर पंडुम का करेंगी शुभारंभ

जगदलपुर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को बस्तर दौरे पर रहेंगी। वे जगदलपुर के लाल बाग मैदान में आयोजित बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, मीडिया गैलरी, पार्किंग और वीवीआईपी मूवमेंट की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

राष्ट्रपति मुर्मू बस्तर आने वाली देश की पांचवीं राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद लगभग आठ साल पहले दंतेवाड़ा दौरे पर आए थे। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए बस्तर संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। यातायात व्यवस्था, बैठक प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं को सुचारू बनाने के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदिवासी बहुल बस्तर क्षेत्र के लिए राष्ट्रपति का यह दौरा सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Live Cricket Info
