राज्य समाचार

जांजगीर-चांपा में पोस्ट ऑफिस आरडी के नाम पर 1 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी, 150 खाताधारक ठगे; एजेंट गिरफ्तार

Spread the love

 

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस की आरडी (Recurring Deposit) योजना में रकम जमा कराने के नाम पर 1 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु (39) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों से प्राप्त राशि उनके आरडी खातों में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

जानकारी के अनुसार चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते हैं। दोनों ने पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर नियमित राशि जमा करने पर बेहतर लाभ मिलने का भरोसा दिलाया था। इसी आधार पर प्रार्थी का आरडी खाता खुलवाया गया और उससे नियमित रूप से राशि ली जाती रही।

 

 

 

प्रार्थी के अनुसार 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच आरोपी ने आरडी में जमा करने के नाम पर कुल 1 लाख 21 हजार 200 रुपये लिए। आरोपी द्वारा राशि लेने के बाद इसकी एंट्री डायरी में की जाती थी। हालांकि बाद में जब प्रार्थी ने पोस्ट ऑफिस से अपने खाते की जानकारी ली तो उसके आरडी खाते में केवल 21 हजार रुपये ही जमा पाए गए। इस तरह 1 लाख 200 रुपये की राशि खाते में जमा नहीं की गई और उसके गबन एवं धोखाधड़ी का मामला सामने आया।

शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 318(3) और 3(5) के तहत जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान आरोपी कृष्णकांत गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी से प्राप्त राशि आरडी खाते में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस के सामने धोखाधड़ी का दायरा काफी बड़ा होने की जानकारी आई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में पोस्ट ऑफिस के करीब 150 खाताधारकों से प्राप्त 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में जमा नहीं करने की बात कबूल की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खाताधारकों से आरडी में जमा करने के नाम पर रकम ली जाती थी, लेकिन पूरी राशि पोस्ट ऑफिस के खातों में जमा नहीं की जाती थी।

 

 

पूछताछ में आरोपी द्वारा इन रकमों को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। पुलिस अब खाताधारकों से संबंधित दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, जिससे धोखाधड़ी की वास्तविक राशि और इससे प्रभावित खाताधारकों की संख्या का और स्पष्ट खुलासा हो सके।

 

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु पिता राजेश गुप्ता, उम्र 39 वर्ष, को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

यह कार्रवाई जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button