राज्य समाचार

3 साल से फरार सहारा इंडिया का ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार, 3,848 निवेशकों से की थी ₹40.78 करोड़ की धोखाधड़ी

Spread the love

 

रायगढ़।    रायगढ़ पुलिस ने बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे सहारा इंडिया के पूर्व ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कोतवाली पुलिस ने आरोपी को कोतरारोड़ क्षेत्र से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में रायगढ़ निवासी विकास निगानिया ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कंपनी को विश्वसनीय एवं आरबीआई से अधिकृत बताकर उनसे, उनकी माता और पत्नी सहित कई लोगों से वर्ष 2017 में विभिन्न निवेश योजनाओं के नाम पर लगभग 40 लाख रुपये जमा कराए। परिपक्वता अवधि पूरी होने के बावजूद निवेशकों को उनकी राशि वापस नहीं की गई।

 

 

 

जांच के दौरान यह सामने आया कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर रकम लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉन्ड जारी किए गए और सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई। विवेचना में जिला प्रशासन, बैंकों, मंत्रालयों और निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों और रीजनल अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले भी सहारा इंडिया रायगढ़ के पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, खरसिया के पूर्व शाखा प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करुणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास और बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीश तिवारी सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों से आईडी कार्ड, नियुक्ति और कार्य आदेश संबंधी दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी, जमीन के दस्तावेज तथा कथित धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई थी।

 

 

 

पुलिस जांच में अब तक रायगढ़ सहित अन्य जिलों के 3,848 निवेशकों से कुल 40 करोड़ 78 लाख 16 हजार 739 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हो चुका है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार शराफ (54 वर्ष) विकास नगर, कोतरारोड़ का निवासी है और सहारा इंडिया के कबीर चौक स्थित शाखा कार्यालय का ब्रांच मैनेजर था। पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने ससुराल कोतरारोड़ आया हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। उसके कब्जे से सहारा इंडिया के फ्रेंचाइजी कार्यालय के विकास एवं प्रशासन संबंधी आदेश पत्र तथा कंपनी से जुड़े एमओयू की प्रतियां भी जब्त की गई हैं।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि सहारा इंडिया निवेश घोटाले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच में सामने आने वाले नए साक्ष्यों के आधार पर आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह एवं कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button