राज्य समाचार

रायपुर में तड़के पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान: 350 मकानों की जांच, 8 संदिग्ध हिरासत में, 8 महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

 

रायपुर।  राजधानी रायपुर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन ने शुक्रवार तड़के व्यापक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। सुबह 4:30 बजे से 9:00 बजे तक चले इस अभियान में बीएसयूपी लाभांडी, बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) और देवार डेरा क्षेत्र में लगभग 350 मकानों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने 8 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की, जिनमें मारपीट के एक मामले में पिछले 8 महीने से फरार चल रहा आरोपी भी गिरफ्तार किया गया।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में थाना तेलीबांधा और पुलिस लाइन के 80 से अधिक अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर घर-घर सत्यापन किया और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।

अभियान के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे किरायेदारों, बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों तथा बाहरी व्यक्तियों की जांच की गई। जांच के दौरान कुल 8 संदिग्ध व्यक्ति मिले । इनमें एक ऐसा आरोपी भी शामिल था, जो मारपीट के मामले में पिछले 8 माह से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को “समाधान” मोबाइल ऐप की जानकारी भी दी और इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया । साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे अपने यहां किरायेदार रखने से पहले उनका अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या बिना सत्यापन के रह रहे किरायेदार की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। पुलिस का कहना है कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और शहर में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके.

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button