राज्य समाचार

बस्तर के बोधघाट थाना को मिला राष्ट्रीय सम्मान, गृह मंत्रालय ने घोषित किया छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना

Spread the love

 

जगदलपुर/बस्तर । छत्तीसगढ़ पुलिस और बस्तर पुलिस के लिए गर्व का क्षण है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बस्तर जिले के बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। खास बात यह है कि पहली बार बस्तर संभाग के किसी पुलिस थाना को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि को प्रदेश की पुलिस व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग और नागरिकों के प्रति जवाबदेह कार्यप्रणाली की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

 

 

गृह मंत्रालय प्रत्येक वर्ष देशभर के पुलिस थानों का विभिन्न मानकों के आधार पर मूल्यांकन करता है। इस प्रक्रिया में अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम, अनुसंधान की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, पुलिस अधोसंरचना, नवाचार, नागरिक-अनुकूल पुलिसिंग, अभिलेख संधारण तथा समग्र कार्य निष्पादन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का विस्तृत आकलन किया जाता है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोधघाट थाना ने यह उपलब्धि हासिल की है।

 

 

 

इस उपलब्धि के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज तथा वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीना द्वारा प्रदान किया गया। यह सम्मान तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौड़ और वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक तामेश्वर चौहान को पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग की उपस्थिति में सौंपा गया। कार्यक्रम में तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीशिमल तथा वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे भी मौजूद रहे।

बस्तर पुलिस के अनुसार यह सम्मान बोधघाट थाना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वर्षों से किए गए समर्पित, अनुशासित और जनहितैषी कार्यों का परिणाम है। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में थाना ने अपराध नियंत्रण, प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने, आमजन का विश्वास बढ़ाने तथा नवाचार आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

 

 

बस्तर पुलिस ने इस सम्मान को पूरे पुलिस बल के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का प्रतीक बताया है। अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि भविष्य में भी नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूरे पुलिस बल को प्रेरित करती रहेगी। बोधघाट थाना को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल बस्तर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है और इससे प्रदेश की पुलिस व्यवस्था की सकारात्मक छवि राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button