स्टेट हाइवे पर भीषण सड़क हादसा : दो ट्रकों में टक्कर के बाद लगी आग, दोनों चालक मौके से फरार

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. स्टेट हाइवे पर माटोली चौक के पास दो ट्रकों के बीच जबरदस्त टक्कर हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगे. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पखांजूर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची.
आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई घंटे बाद भी दोनों वाहनों से धुआं और लपटें उठती रहीं. दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद दोनों ट्रकों के चालक मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई.
घटना के कारण स्टेट हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया. राहत की बात रही कि किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई. हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.


