जनप्रतिनिधियों और सरपंचों का शक्ति प्रदर्शन! नवपदस्थ CEO से मुलाकात में उठे पंचायतों के बड़े मुद्दे

कोरबा – जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) भूपेंद्र सोनवानी के स्वागत के बहाने पंचायत राजनीति और विकास कार्यों को लेकर बड़ी चर्चा देखने को मिली। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम के नेतृत्व में दर्जनों सरपंचों और जनप्रतिनिधियों ने जनपद कार्यालय पहुंचकर नए CEO का स्वागत किया तथा पंचायतों से जुड़ी समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत क्षेत्रों में अधूरे विकास कार्य, मूलभूत सुविधाओं की कमी, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं और ग्रामीण जनता की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि नए CEO के कार्यकाल में पंचायतों के विकास को नई गति मिलेगी और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण होगा।
इस अवसर पर सरपंच सुरेंद्र कुमार पुहुप (मिरिया), धर्मपाल मरकाम (पनगवां), मानसिंह मरकाम (बनिया), मनदेव श्याम (सेंदुरगढ़), चंद्रप्रताप पोर्ते (पुटी पखना ), मनोहर श्रोते (मानिकपुर), सुरेश कुमार पोर्ते (बिंझरा), सरवन मरपची (तनेरा), बलदेव सिंह पोर्ते (सुतरा), भांवर सरपंच, मल्दा सरपंच, सिंधिया सरपंच, रामपुर सरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने नवपदस्थ CEO को शुभकामनाएं देते हुए पंचायतों के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग और जनहित योजनाओं के प्रभावी संचालन की अपेक्षा जताई। वहीं CEO भूपेन्द्र सोनवानी ने आश्वस्त किया कि पंचायत क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत प्रतिनिधियों की यह सामूहिक मौजूदगी आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास और पंचायत स्तर की राजनीति में महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है।
Live Cricket Info
