बिलासपुर में 15 लाख की ठगी का खुलासा: पैसा डबल करने का झांसा देने वाला डायरेक्टर M.P. से गिरफ्तार

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पैसा डबल करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के रीवा से गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज कुमार वर्मा (39 वर्ष) निवासी ग्राम टिकिया, थाना चोरहटा जिला रीवा (म.प्र.) ने “रीगल भवन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड” नामक कंपनी के माध्यम से लोगों को निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच दिया। वर्ष 2013 से 2016 के बीच ग्राम करवा चौकी बेलगहना क्षेत्र के ग्रामीणों को एजेंट बनाकर उनसे निवेश कराया गया
बताया गया कि आरोपी ने करबला रोड स्थित अपने कार्यालय में लोगों से पैसा जमा कराया। इस दौरान गांव के कई लोगों से करीब 15 लाख रुपये एकत्र किए गए। कुछ समय बाद आरोपी ने कार्यालय बंद कर दिया और फरार हो गया, जिससे निवेशकों के साथ धोखाधड़ी हुई।
इस मामले में प्रार्थी फेकुराम चतुर्वेदी ने 18 मार्च 2025 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 159/2025 के तहत धारा 420 और 34 भादवि में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी का पता लगाया। इसके बाद रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र के ग्राम टिकिया में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Live Cricket Info
