अखबार बांटने निकले युवक की सड़क हादसे में मौत, 8 दिन बाद भी FIR नहीं—पुलिस पर उठे सवाल

बिलासपुर । सुबह-सुबह साइकिल पर अखबार बांटने निकला 21 वर्षीय युवक एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे के आठ दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरोई निवासी विकास दास 14 अप्रैल की सुबह नेशनल हाईवे-130 पर अखबार वितरण कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल विकास को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।थानों के चक्कर काटते रहे परिजन
हादसे के बाद मृतक के परिजन न्याय के लिए लगातार भटकते रहे। पहले उन्हें कोनी थाना भेजा गया, फिर रतनपुर थाना। सीमा विवाद के कारण मामला उलझा रहा।
परिजनों को खुद ही फोटो और लोकेशन के आधार पर घटनास्थल साबित करना पड़ा, जिसके बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है।परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ टूट पड़ा
विकास अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और पिता के साथ मिलकर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसने महज छह महीने पहले ही काम शुरू किया था। उसकी असमय मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है।
पुलिस की सफाई
इस मामले में एसडीओपी नूपुर उपाध्याय का कहना है कि केस डायरी रतनपुर थाने में पहुंच चुकी है और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें एक संदिग्ध बस नजर आई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद नामजद एफआईआर दर्ज की जाएगी।
Live Cricket Info
