14/04/2026

देखिए VIDEO : सक्ती वेदांता प्लांट में भीषण ब्लास्ट, 15 मजदूरों की मौत, 50+ झुलसे, श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन सख्त—जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई तय

0

सक्ती/छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर जोरदार बॉयलर ब्लास्ट हो गया। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 15 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि प्लांट का एक हिस्सा मलबे और धुएं के गुबार में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि बॉयलर से टरबाइन तक जाने वाली मेन स्टीम लाइन अचानक फट गई, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर सीधे आ गए।

कुछ मृतकों के शव क्षत-विक्षत हालत में अलग-अलग स्थानों पर पाए जाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

देखिए VIDEO : कैसे चल रहा है रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना के बाद का वीडियो सामने आया है, जिसमें धुएं के बीच रेस्क्यू टीमों को घायलों को बाहर निकालते देखा जा सकता है। मजदूरों को स्ट्रेचर और एंबुलेंस के जरिए लगातार अस्पताल भेजा जा रहा है।

अस्पतालों में भर्ती, कई की हालत नाजुक

हादसे के तुरंत बाद घायलों को आनन-फानन में खरसिया और रायगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।


प्राथमिक जानकारी के अनुसार राहुल इंटरप्राइजेज के श्रमिक सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, जबकि मालती कंस्ट्रक्शन और पावर मेक के मजदूर भी इस हादसे की चपेट में आए हैं।

मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम, युद्धस्तर पर राहत कार्य

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन का बड़ा बयान

इस गंभीर हादसे पर श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सख्त रुख अपनाते हुए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा है कि दोषियों पर श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और घायलों व मृतकों के परिजनों को शासन के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।

मजदूरों का हंगामा—सुरक्षा में लापरवाही का आरोप

घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने प्लांट प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि लंबे समय से सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

सूत्रों के अनुसार कई मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है, ऐसे में मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पूरा प्रशासन अलर्ट मोड में है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज़ नेटवर्क इस घटना से जुड़ी हर बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed Latest News