ट्रेन में AC खराब होने पर यात्रियों ने जमकर किया हंगामा

बिलासपुर । गोंदिया से शनिवार सुबह 6:30 बजे रवाना हुई रक्सौल समर स्पेशल ट्रेन में तकनीकी खामी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के एसी कोच बी1 और बी2 में कूलिंग सिस्टम पूरी तरह बंद हो गया, जिससे यात्रियों को भीषण गर्मी में करीब 8 घंटे तक सफर करना पड़ा। यात्रियों ने डोंगरगढ़, राजनांदगांव और दुर्ग स्टेशनों पर बार-बार शिकायत की, लेकिन हर जगह उन्हें आगे सुधार होने का आश्वासन देकर टाल दिया गया। ट्रेन रायपुर और भाटापारा होते हुए दोपहर 2:40 बजे बिलासपुर पहुंची, जहां हालात बिगड़ गए।
लगातार गर्मी और घुटन से परेशान यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रेन के रुकते ही आक्रोशित हो गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान प्रसाधन में पानी की कमी को लेकर भी शिकायत की गई। जब पानी भरने के बाद ट्रेन आगे बढ़ने लगी, तो नाराज यात्रियों ने इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन रोक दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ और रेलवे स्टाफ ने पाया कि एसी सिस्टम पूरी तरह बंद है और यात्री आगे जाने को तैयार नहीं हैं। करीब आधे घंटे बाद रेलवे का मैकेनिकल स्टाफ मौके पर पहुंचा। जांच में सामने आया कि कोच की बैटरियां पूरी तरह डिस्चार्ज हो गई थीं, जिसके कारण एसी सिस्टम काम नहीं कर रहा था।
मौके पर डायरेक्ट करंट से बैटरियां चार्ज कर एसी को चालू किया गया। रेलवे अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि ट्रेन चलते समय बैटरियां चार्ज होती रहेंगी, लेकिन यात्री लिखित आश्वासन और मैकेनिक साथ भेजने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक चले विवाद के बाद रेलवे प्रशासन को झुकना पड़ा। रेलवे ने दो मैकेनिकों को ट्रेन के साथ रवाना किया, तब जाकर यात्री शांत हुए। ट्रेन शाम 4:30 बजे बिलासपुर से रवाना हो सकी। बताया जा रहा है कि ट्रेन पहले से ही 3 घंटे लेट थी, और इस घटना के बाद कुल देरी बढ़कर 5 घंटे हो गई।
Live Cricket Info
