राज्य समाचार

वेतन के बदले रिश्वत मांगने वाला खंड शिक्षा अधिकारी गिरफ्तार

Spread the love

सारंगढ़-बिलाईगढ़ ।   छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। बरमकेला क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) नरेंद्र जांगड़े को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस मामले में सहयोगी की भूमिका निभाने वाले संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी गिरफ्तार किया गया है।

वेतन जारी करने के बदले मांगी गई थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के शिक्षक निरंजन बरिहा और उनके सहयोगी मुकेश सोना का मार्च माह का वेतन केवल आधे घंटे की देरी के कारण रोक दिया गया था। नोटिस का जवाब देने के बावजूद वेतन जारी नहीं किया गया। आरोप है कि वेतन रिलीज करने के बदले दोनों शिक्षकों से 5-5 हजार रुपये, यानी कुल 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

शिक्षकों ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई। डीएसपी अजीतेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि संकुल समन्वयक संजय चौहान इस लेन-देन में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था।

रंगे हाथ पकड़ाया अधिकारी

17 अप्रैल को योजनाबद्ध तरीके से शिक्षक को रिश्वत की रकम देने भेजा गया। जैसे ही खंड शिक्षा अधिकारी ने पैसे लेकर अपने टेबल के दराज में रखे, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।

कानूनी कार्रवाई शुरू

दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी रिश्वत मांगता है, तो इसकी तुरंत शिकायत करें।

 

बरमकेला क्षेत्र में यह एसीबी की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। लंबे समय से संबंधित अधिकारी के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं, जिससे शिक्षक समुदाय में भारी नाराजगी थी। शिक्षक संघ के अध्यक्ष देवम प्रकाश पटेल सहित अन्य शिक्षकों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी और जरूरी पहल बताया है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button