राजनीतीराज्य एव शहररोचक तथ्य

दादर मार्ग की बदलेगी सूरत, मंत्री लखनलाल देवांगन की पहल लाई रंग, पार्षद रहमान का संघर्ष हुआ सफल, एसईसीएल CSR से होगा निर्माण, कई वार्डों को मिलेगा लाभ

कोरबा। नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के सतत प्रयासों से शहर को एक और बड़ी सौगात मिली है। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर से दादर नाला कलवर्ट (हनुमान मंदिर के पास) तक सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 99.78 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह राशि एसईसीएल के CSR मद से स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलेगी।

बताया जा रहा है कि इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए मंत्री देवांगन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पिछले महीने ही उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन को पत्र लिखकर पं. रविशंकर शुक्ल नगर स्थित श्री मेडिको से दादरखुर्द नाला कलवर्ट (हनुमान मंदिर के समीप) तक सड़क निर्माण की आवश्यकता को रेखांकित किया था और शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया था। मंत्री के इस प्रयास पर सकारात्मक पहल करते हुए एसईसीएल प्रबंधन ने बुधवार को 99.78 लाख रुपये की स्वीकृति जारी कर दी।

इस महत्वपूर्ण कार्य को धरातल पर लाने में वार्ड 26 के पार्षद अब्दुल रहमान की भूमिका भी उल्लेखनीय रही है। उन्होंने लगातार क्षेत्र की समस्या को प्रमुखता से उठाया और सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। पार्षद की पहल और मंत्री के समन्वय से अंततः इस सड़क के डामरीकरण का रास्ता साफ हो सका।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने इस स्वीकृति पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कोरबा नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में सड़कों के सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में कोरबा नगर क्षेत्र की चार प्रमुख सड़कों के डामरीकरण के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति राज्य शासन से प्राप्त हुई थी। इसके साथ ही अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए भी विभिन्न मदों से राशि स्वीकृत कराई जा रही है।

इस सड़क के निर्माण से आरएसएस नगर, दादर खुर्द, मानिकपुर, खरमोरा सहित आसपास के कई क्षेत्रों के नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। लंबे समय से जर्जर मार्ग के कारण लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से अब राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय नागरिकों ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन एवं पार्षद अब्दुल रहमान का आभार व्यक्त किया है और जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ करने की मांग की है।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button