कोरबा में निर्माण कार्य तय शेड्यूल से करें, गुणवत्ताहीनता पर होगी कड़ी कार्रवाई: महापौर संजूदेवी राजपूत

कोरबा। शहर में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश देते हुए महापौर संजूदेवी राजपूत ने स्पष्ट कहा है कि कार्य में लापरवाही या गुणवत्ताहीनता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने यह निर्देश मानिकपुर के डीपरापारा बस्ती में सीसी रोड निर्माण कार्य के औचक निरीक्षण के दौरान दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य का मौके पर जायजा लिया। कार्य शेड्यूल के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और निर्माण एजेंसी तथा अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए कि काम तय समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए, ताकि लंबे समय तक आम नागरिकों को उसका लाभ मिल सके।

दौरे के दौरान महापौर ने बस्ती की पुरानी और जर्जर नालियों का भी निरीक्षण किया और उनकी मरम्मत के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही मानिकपुर पोखरी क्षेत्र का निरीक्षण कर आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
महापौर ने डीपरापारा बस्ती का पैदल भ्रमण भी किया और स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। बस्तीवासियों द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए।
इस दौरान जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
Live Cricket Info