राज्य समाचार

महतारी वंदन अभिनंदन: मुख्यमंत्री ने महिला पत्रकारों को सम्मानित किया

रायपुर (ग्रामयात्रा छत्तीसगढ़ )। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला पत्रकारों को सम्मानित किया और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाएँ समाज का सशक्त आधार हैं, और छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और समर्थ बनाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएँ हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं, और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि उन्हें हर अवसर पर समान अधिकार और सुरक्षा मिले।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ‘महतारी वंदन’ की संकल्पना को साकार करने के लिए समर्पित है। वर्तमान युग में महिलाएँ केवल परिवार और समाज का ही नहीं, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारिता में महिलाओं की भूमिका को विशेष रूप से सराहा। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों ने समाज में जागरूकता फैलाने और लोगों की आवाज बनने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों की मेहनत, निडरता और निष्पक्षता समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मदद कर रही है। महिला पत्रकारों ने अपनी साहसिक पत्रकारिता से न केवल जनता के अधिकारों की रक्षा की है, बल्कि उन मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया है, जो आमतौर पर अनसुने रह जाते हैं। उन्होंने महिला पत्रकारों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया और उन्हें आगे भी सच और न्याय की आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित किया।

महिला सुरक्षा और सुविधाओं पर सरकार का विशेष ध्यान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिला सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य में विशेष महिला थानों, हेल्पलाइन सेवाओं और कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट में महिला थानों और कामकाजी महिलाओं के लिए सुविधाओं का विशेष प्रावधान किया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘महतारी वंदन’ योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में सरकार ठोस कदम उठा रही है।

सम्मानित हुईं महिला पत्रकार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने रश्मि ड्रोलिया, श्रीमती ज्योति सिंह, श्रीमती मधुमिता पाल, श्रीमती सरिता दुबे, निशा द्विवेदी, निधि प्रसाद, शगुफ्ता शिरीन, चित्रा पटेल, करिश्मा सोनी, आफताब बेगम, खुशबू ठाकरे, श्रीमती तनु वर्मा, श्रीमती आकांक्षा तिवारी, आकांक्षा दुबे, रसिका पांडे सहित 60 से अधिक महिला पत्रकारों को सम्मानित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सहायक है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला पत्रकारों को छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए संचालित योजनाएँ उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि महिलाएँ केवल आत्मनिर्भर ही नहीं, बल्कि समाज में अपनी पहचान को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार महिलाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और वित्तीय सहायता जैसी योजनाओं को और अधिक विस्तारित करने पर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर शासन की योजनाओं से संबंधित बुकलेट, ब्रोशर और पुस्तकें प्रदान की गईं, ताकि वे इनका लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान महिला पत्रकारों और महिलाओं को सम्मानस्वरूप शॉल, स्मृति चिन्ह और आकर्षक बैग भेंट किए गए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके कार्यों की सराहना नहीं, बल्कि उनके योगदान को आगे बढ़ाने की प्रेरणा भी है।उन्होंने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि महिलाएँ आत्मनिर्भर बनें, और वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह से जागरूक हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में सरकार नई योजनाओं को लागू करेगी, जिनमें महिलाओं को आर्थिक रूप से अधिक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक महिला को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा मिले, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा सकें।मुख्यमंत्री साय ने  महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ।

मुख्यमंत्री ने महिला पत्रकारों और उपस्थित महिलाओं के साथ संवाद किया और उनके विचारों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार महिलाओं की भागीदारी और उनकी आवाज को और अधिक सशक्त करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में  महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button